अमेरिका में राहुल बोले- मोदी कार पीछे देखकर चला रहे- ट्रेन हादसे पर सवाल पूछो तो कहेंगे कांग्रेस ने 50 साल पहले ये किया था

राहुल गांधी ने रविवार देर रात न्यूयॉर्क में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम न्यूयॉर्क के जेविट्स सेंटर में हुआ। राहुल को सुनने के लिए 5 हजार प्रवासी भारतीय जुटे। राहुल ने यहां 26 मिनट भाषण दिया। राहुल के भाषण से पहले ओडिशा ट्रेन हादसे के विक्टिम्स को श्रद्धांजलि दी गई।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को पीछे ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा- आप सब कार में बैठकर इस कार्यक्रम में आए, अगर आप सिर्फ रियर व्यू मिरर में देखकर गाड़ी चलाएंगे, तो क्या सही से चला पाएंगे। एक के बाद एक हादसे होंगे। लेकिन PM मोदी देश की गाड़ी ऐसे ही चला रहे हैं। वे सिर्फ पीछे की तरफ देख रहे हैं और फिर हैरान हो रहे हैं कि हादसे पर हादसे क्यों हो रहे हैं।

RSS और भाजपा पीछे की सोच रखते हैं। उनसे कुछ भी पूछो, वो पीछे की तरफ देखने लगते हैं। उनसे पूछो ट्रेन हादसा कैसे हुआ, तो वो कहेंगे कि कांग्रेस सरकार ने 50 साल पहले ये किया था। उनसे पूछो कि आपने टेक्स्ट बुक से पीरियॉडिक टेबल क्यों निकाल दिया, तो वो कहेंगे कि कांग्रेस ने 60 साल पहले ये किया।

राहुल ने कहा कि मुझे आप लोगों से बहुत प्यार है। आई लव यू। इसके बाद राहुल ने पूछा कि क्या आपने कभी भाजपा की किसी मीटिंग में ऐसा सुना है कि लोगों ने एक-दूसरों को आई लव यू कहा हो? कांग्रेस की बैठकों में ये आम बात है। इसलिए मैं कहता हूं कि हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान चलाने आए हैं।

राहुल ने कहा कि यहां आप सबको देखकर मुझे गर्व होता है। आपकी विनम्रता देखकर मैं खुश हूं। आप सभी प्रवासी भारतीय अमेरिका आए तो अपने साथ अहंकार नहीं लाए। आप सीमित संसाधनों के साथ यहां आए और उससे कुछ बेहतरीन बनाया। आप सभी का सफर अनोखा रहा है। ये न तो किसी से कम है न ज्यादा।

राहुल ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई छिड़ी हुई है। इसमें एक तरफ महात्मा गांधी हैं और दूसरी तरफ नाथूराम गोडसे है। गोडसे ने गांधी को मारा, क्योंकि वह अपनी जिंदगी से खुश नहीं था। उसे किसी पर अपना गुस्सा निकालना था, तो उसने ऐसे इंसान को चुना जो भारत की आत्मा का प्रतिनिधित्व करता था।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी मॉडर्न थे, वे आगे की बात करते थे। गोडसे कायर था, वह सिर्फ बीते हुए कल की बात करता था। भाजपा इस विचारधारा को मानती है। हम महात्मा गांधी की सत्य और अहिंसा की विचारधारा को मानते हैं।

अमेरिकी दौरे पर रविवार को राहुल गांधी अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट के घर भी पहुंचे। रूजवेल्ट 1933 से 1945 तक राष्ट्रपति रहे थे। रूजवेल्ट की मौत के बाद उनके घर को राष्ट्रीय ऐतिहासिक धरोहर बना दिया गया। यहां राहुल ने अमेरिकी विचारकों से मुलाकात की।

इससे पहले अपने इस अमेरिकी दौरे पर राहुल गांधी 2 मुख्य कार्यक्रमों को संबोधित कर चुके हैं। इनमें राहुल ने भाजपा और PM मोदी पर अपनी बात रखी।