आज जानिए परेश रावल के फ़िल्मी कैरियर के बारे में

कभी हेरा-फेरी के बाबू भैया, कभी वेलकम के घुंघरू तो कभी हंगामा के राधेश्याम तिवारी बनकर लोगों को अपनी बेहतरीन टाइमिंग से हंसाने वाले परेश रावल आज 68 साल के हो चुके हैं। इनका डायलॉग ये बाबूराव का स्टाइल है.. हेरा फेरी फिल्म रिलीज के 23 साल बाद भी हर किसी की जुबां पर रहता है। जितने उम्दा कलाकार ये पर्दे पर नजर आते हैं उससे भी मजेदार है इनकी असली पर्सनालिटी। 9 साल की उम्र में थिएटर में बिना टिकट घुसने से इनका फिल्मी सफर शुरू हुआ जो आज 240 फिल्में करने के बाद भी जारी है। वहीं इनकी धर्मपत्नी संपत्त स्वरूप मिस इंडिया रह चुकी हैं, जो इनके बॉस की बेटी हुआ करती थीं।

परेश रावल का जन्म 30 मई 1955 को मुंबई में हुआ था। परेश की शुरुआती पढ़ाई गुजराती मीडियम स्कूल से हुई थी। परेश बचपन से ही अपनी शरारतों के लिए मशहूर थे। एक बार तो इन्होंने एक क्लासमेट की सीट पर टमाटर रख दिया था। उनका घर मुंबई के पार्ला ईस्ट में हुआ करता था, जहां पड़ोस में ही एक ओपन थिएटर ग्राउंड था, अब उस जगह पर नवीन भाई ठक्कर ऑडिटोरियम बन चुका है। उस जगह पर रोजाना प्ले हुआ करते थे, जिनकी आवाज परेश के घर तक आती थी।
9 साल की उम्र में एक दिन हिम्मत कर परेश प्ले देखने पहुंच गए, लेकिन बिना टिकट घुसने पर वो पकड़े गए और उन्हें भगा दिया गया। उन्होंने बहुत जिद और दादागिरी की कि उन्हें प्ले देखने दिया जाए, लेकिन कोई नहीं माना। जब दूसरी बार परेशान ने घुसने की कोशिश की तो वहां मौजूद लोग उन्हें नवीन भाई के पास ले गए। जब परेश ने बताया कि मुझे देखना का बहुत शौक है, तो नवीन भाई ने जवाब में कहा, ठीक है, कल से टाइम पर आ जाना, तुम्हें टिकट लेने की जरुरत नहीं है। इसके बाद उन्होंने थिएटर करना शुरू कर दिया। नसीरुद्दीन शाह, उस समय परेश की प्रेरणा हुआ करते थे।

परेश रावल ने 1985 की फिल्म अर्जुन में सपोर्टिंग रोल निभाकर फिल्मों में एंट्री की। आगे उन्हें दूरदर्शन के टीवी शो बनते-बिगड़ते में काम मिला। एक साल बाद 1986 की ब्लॉकबस्टर फिल्म नाम में बेहतरीन एक्टिंग कर परेश रावल को देशभर में पहचान हासिल हुई। 1990 तक परेश रावल ने 100 फिल्में कर ली थीं, जिनमें से ज्यादातर में वो विलेन के नेगेटिव रोल में होते थे। इनमें रूप की रानी चोरों का राजा, कब्जा, किंग अंकल, राम लखन, दौड़, बाजी जैसी फिल्में शामिल हैं
अंदाज अपना-अपना, हेरा फेरी, मोहरा, राजा, चाची 420, आंखें, हंगामा, हलचल, हेरा-फेरी, चुप-चुपके, भूल भुलैया, वेलकम, भागम भाग, अतिथि तुम कब जाओगे, ओ माय गॉड इनकी बेस्ट फिल्मों में शामिल हैं।
1975 में एक दिन परेश रावल NSD की तरफ से हुए शंभुमित्रा के फेस्टिवल में पहुंचे थे। वहां उनकी नजर सामने साड़ी पहनकर खड़ी खूबसूरत लड़की पर पड़ी। वो लड़की परेश को इतनी पसंद आई कि उन्होंने साथ खड़े दोस्त महेंद्र जोशी से कहा, देखना एक दिन यही लड़की मेरी पत्नी बनेगी। दोस्त महेंद्र जोशी उस लड़की को जानते थे, तो उन्होंने कहा, तू पागल है क्या, जानता नहीं ये लड़की कौन है। तू जहां काम करता है उसके बॉस की बेटी है। ये सुनकर भी परेश नहीं माने और कहा, किसी की भी बेटी हो या किसी की भी बहन हो, ये लड़की मेरी पत्नी बनेगी

एक दिन परेश ने संपत्त स्वरूप को अपना प्ले देखने के लिए बुलाया। उस प्ले में काफी गाली-गलौज थी तो प्ले खत्म होते ही सारी लड़कियां परेश से बात किए बिना ही निकल गईं। लेकिन स्वरूप उनके पास आईं और कहा आप बहुत अच्छी एक्टिंग करते हैं।
अगले दिन संपत्त ने भी हां कर दी। परेश ने उन्हें 1975 में प्रपोज किया था और इसके 3 साल बाद 1979 में संपत्त मिस इंडिया बनी थीं। मिस इंडिया बनने के बाद संपत्त हीरोइन बन गईं और टीवी के मशहूर शो ये जो है जिंदगी में नजर आती थीं, लेकिन परेश उस समय एक स्ट्रगलिंग एक्टर थे। पक्की कमाई नहीं थी तो संपत्त ने उनके सेटल होने का इंतजार किया और फिर 12 साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने 1987 में शादी कर ली।

परेश रावल ने अपने शुरुआती करियर में विलेन बनकर कई फिल्में कीं। फिल्म सर के लिए इन्हें बेस्ट परफॉर्मर इन नेगेटिव रोल का फिल्मफेयर भी दिया जा चुका है। फिल्म सर और वो छोकरी के लिए परेश को बेस्ट सपोर्टिंग रोल का नेशनल अवॉर्ड भी मिला है। 2014 में परेश रावल को पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।
10 सितंबर 2020 को भारत के प्रेसिडेंट ने परेश रावल को नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का चीफ बनाया है। 2014 में परेश रावल ने भारतीय जनता पार्टी की तरफ से अहमदाबाद से इलेक्शन जीता था। 2019 तक परेश एमपी थे। परेश ने कांग्रेस के प्रत्याशी हिम्मतसिंह पटेल से दोगुने वोट हासिल किए थे।
2023 में परेश रावल शहजादा में नजर आए हैं। इसके अलावा परेश के पास 5 बड़ी फिल्में हैं। 2023 में परेश आयुष्मान खुराना के साथ ड्रीम गर्ल के सीक्वल और अक्षय कुमार के साथ सूरारई पोत्रू के हिंदी रीमेक में नजर आएंगे। वहीं अगले साल परेश की फिल्में हेरा फेरी 3, द स्टोरीटेलर और आंख मिचोली रिलीज होने वाली हैं।