2023 की तीसरी 100 करोड़ कमाने वाली फिल्म बनी KBKJ

ईद पर रिलीज हुई सलमान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है। दूसरे रविवार को फिल्म ने 4.35 करोड़ रुपए की कमाई की। अब फिल्म का टोटल कलेक्शन 100.28 हो गया है। हालांकि सलमान की पिछली फिल्मों की बात करें तो किसी का भाई किसी की जान ने 100 करोड़ रुपए कमाने में काफी वक्त लगा दिया।
सलमान खान की पिछली कुछ फिल्मों का रिकॉर्ड देखें तो वे सभी पहले वीक तक आते-आते 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लेती थीं। 2023 में अब तक सिर्फ तीन ही हिंदी फिल्में हैं जिसने 100 करोड़ या इससे ज्यादा का कलेक्शन किया है।
सलमान की पिछली फिल्मों जैसे भारत ने पहला हफ्ता खत्म होते-होते तकरीबन 180 करोड़ रुपए की कमाई कर ली थी। इसके अलावा दबंग 3 ने रिलीज के पहले सात दिनों में 121 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर लिया था। रेस 3 ने भी पहले वीक में 140 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली थी।
टाइगर जिंदा है ने तो पहले हफ्ते में 206.04 करोड़ की कमाई कर ली थी। यहां तक कि ट्यूबलाइट जैसी फ्लॉप फिल्म ने भी पहले हफ्ते 106 करोड़ की कमाई की थी। इस हिसाब से देखा जाए तो किसी का भाई किसी की जान के आंकड़े सलमान और उनके फैंस को निराश करने के लिए काफी है।
किसी का भाई किसी की जान के अलावा 2023 में रिलीज सिर्फ दो हिंदी फिल्मों ने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। शाहरुख खान की पठान ने तो कमाई के मामले में इतिहास ही रच दिया है। फिल्म ने 500 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है।

दूसरे नंबर पर रणबीर कपूर की फिल्म तू झूठी मैं मक्कार है, इसने 146.6 करोड़ रुपए का लाइफ टाइम कलेक्शन किया है। अब किसी का भाई किसी की जान में इस लिस्ट में शामिल हो गई है। तकरीबन 80 करोड़ के साथ अजय देवगन की फिल्म भोला चौथे नंबर पर है।
अमूमन देखा जाता है कि ईद पर रिलीज होने वाली फिल्मों का ओपनिंग कलेक्शन जबरदस्त होता है। हालांकि किसी का भाई किसी की जान के लिए ऐसा नहीं था। ईद के मौके पर रिलीज हुई सलमान की पिछली 8 फिल्मों की बात करें तो किसी का भाई किसी की जान उनमें सबसे पीछे रह गई है। 2010 में रिलीज फिल्म दबंग को छोड़ दिया जाए तो ईद पर रिलीज सभी फिल्मों ने 20 करोड़ से ज्यादा का फर्स्ट डे कलेक्शन किया था।

2019 में रिलीज हुई ‘भारत’ ने पहले दिन 42.30 करोड़ का कलेक्शन कर रिकॉर्ड बना दिया था। यहां तक कि 2012 में आई फिल्म एक था टाइगर ने 32.92 करोड़ की ओपनिंग ली थी लेकिन 2023 में चीजें बदल गईं।
सलमान खान हाल ही में फिल्म की प्रमोशन के लिए आप की अदालत में नजर आए। वहां उन्होंने अपने पर्सनल और प्रोफेशनल चीजों पर बात की। सलमान का कहना है कि वो पिता बनना चाहते हैं, लेकिन भारत का सरोगेसी कानून उन्हें इसकी इजाजत नहीं दे रहा है।

सलमान ने कहा कि वो बच्चों से बहुत प्यार करते हैं और उन्होंने एक बार बच्चा पैदा करने के बारे में सोचा भी था, लेकिन इंडिया में यह पॉसिबल नहीं है। सलमान ने कहा- शादी के लिए फैमिली का बहुत प्रेशर है, इसलिए वो अपनी जिंदगी के आखिरी प्यार की तलाश कर रहे हैं।