उत्तर प्रदेश भय-भ्रष्टाचार से मुक्त हो गया है, कानून व्यवस्था कैसी है…… : राजनाथ सिंह

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज लखनऊ विकास के रंग मे रंग गया है। लखनऊ ही नहीं, पूरा प्रदेश विकास की ओर बढ़ गया है। आज एक और रिकॉर्ड बन रहा है। आज ही के दिन योगी आदित्यनाथ पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। आज 6 वर्ष पूरे हो गए हैं। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था कैसी है, ये किसी को बताने की जरूरत नहीं। देश-विदेश में प्रदेश की चर्चा होती है। उत्तर प्रदेश भय-भ्रष्टाचार से मुक्त हो गया है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री/लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शनिवार को 1450 करोड़ रुपए की 352 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज में उन्होंने जनता को संबोधित किया। राजनाथ ने आगे कहा, ”मैंने साल 2019 में एनसीआर की तर्ज पर एससीआर बनाए जाने को लेकर एक पत्र लिखा था। अब सीएम योगी ने एससीआर बनाने का संकल्प कर लिया है। यह भी हर्ष का विषय है। मैं मुख्यमंत्री जी से एक बात कहना चाहता हूं कि आप आने वाले नेशनल-इंटरनेशनल गेम्स के आयोजन के लिए भी आवेदन करिए।”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है। इसके लिए शासन-प्रशासन के साथ आमजन के मन में भी आत्मीयता होनी चाहिए। सुरक्षा के साथ सुशासन के लक्ष्य को प्राप्त करना है। सरकार व जनमानस साथ मिलकर कार्य करते हैं तो परिणाम कई गुना बढ़ जाते हैं।

पीएम मोदी के नेत़ृत्व में भारत दुनिया में नई पहचान लेकर जा रहा है। जी-20 हो या शंघाई कॉरपोरेशन के अध्यक्षता के कार्यक्रम को बढ़ाया रहा है। नागरिक के रूप में हमारा भी दायित्व है कि पीएम मोदी के 2047 तक भारत को महाशक्ति के रूप में स्थापित कर विकसित भारत के सपने को साकार कर सकें।
सीएम ने कहा कि लखनऊ को राजधानी के अनुरूप विकास की योजनाएं मिलें। यह सपना श्रद्धेय अटल जी ने देखा था और सांसद के रूप में उसे धरातल पर उतारा था। शहीद पथ लखनऊ के जीवन की लाइफलाइन बनी है। जब श्रद्धेय अटल जी प्रधानमंत्री व सड़क, परिवहन-राजमार्ग मंत्री के रूप में राजनाथ सिंह इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए कार्य कर रहे थे। उस समय लखनऊ को शहीद पथ की सौगात प्राप्त हुई थी। लालजी टंडन ने भी विकास के लिए अटल जी के सपनों को धरातल पर उतारने के प्रयास प्रारंभ किए थे। स्मार्ट सिटी लखनऊ को स्मार्ट जैसी सुविधाएं मिलें, उसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आए थे।
सीएम ने कहा कि अभी जीआईएस के एक दिन पहले तीन ब्रिज समेत कई परियोजनाओं की सौगात मिली थी। आज फिर डेढ़ हजार परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। यातायात की सबसे बड़ी समस्या का समाधान एलडीए निकाल रहा है। ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के पहले फेज के शुभारंभ का शिलान्यास हुआ।

यह लखनऊ की यातायात की समस्या का समाधान निकालेगी। किसान पथ को आईआईएम से जोड़ने का मार्ग होगा। गोमती नदी के दोनों तटों को जो़ड़कर सुंदरीकरण के साथ ऱिवर फ्रंट की कार्रवाई कैसी होनी चाहिए, यह नई सौगात मिलने जा रही है। नगर विकास मंत्री के रूप में जब आशुतोष टंडन कार्य कर रहे थे, तब डीपीआर का काम किया था। आज वह धरातल पर उतारने जा रहा है।
सीएम ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का निर्माण होने जा रहा है। देश में दो प्रधान, दो निशान, दो विधान का उद्घोष करने वाले श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति लखनऊ से जुड़ी रही हैं। डॉ. मुखर्जी राष्ट्रवाद के प्रखर प्रवक्ता के रूप में जाने जाते हैं।

पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. मुखर्जी व लखनऊ के आन-बान-शान व समरसता-समन्वय के आदर्श पुरुष श्रद्धेय अटल जी की भव्य प्रतिमा के साथ राष्ट्र प्रेरणा स्थल का शिलान्यास हुआ। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत नगर निगम ने अत्याधुनिक तकनीकों पर आधारित नए पार्क देने के कार्यक्रम बनाए हैं।
4512 आवास योजना की सौगात लखनऊ के गरीबों को मिलने जा रही है। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों को सुदृढ़ीकरण व सुविधाओं से संपन्न करने, बटलर व काला झील से जुड़ी योजनाओं का शुभारंभ हुआ। जी-20 व जीआईएस के दौरान प्रशासन ने कई चौराहों का सुंदरीकरण कराया। उनके रिमॉडलिंग कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है।।
अतिथियों का स्वागत उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर, राज्यसभा सांसद अशोक वाजपेयी, निवर्तमान महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक आशुतोष टंडन ‘गोपाल’, डॉ. नीरज बोरा, योगेश शुक्ल, अमरेश कुमार, मनीष रावत, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मोहसिन रजा, मुकेश शर्मा, बुक्कल नवाब, इंजी. अवनीश कुमार सिंह, रामचंद्र प्रधान, उमेश द्विवेदी, आयुक्त रोशन जैकब, जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार आदि मौजूद रहे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत भाजपा नेताओं ने एयरपोर्ट पर रक्षा मंत्री का स्वागत किया। जिसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व्यापार मंडल के होली मिलन समारोह में पहुंचे। जहां डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत तमाम भाजपा नेता और व्यापारी नेता संदीप बंसल मौजूद रहे।
वहीं, राजनाथ सिंह ने भाजपा महानगर उपाध्यक्ष आनंद द्विवेदी के आवास पहुंचकर दिवंगत परिजनों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।