30 कंपनियां ने खरीदा विमेंस IPL टीम, अडाणी ग्रुप से लेकर हल्दीराम तक ने खरीदे टेंडर

विमेंस IPL टीमें खरीदने के लिए करीब 30 से ज्यादा कंपनियों ने टेंडर डॉक्यूमेंट खरीदे हैं। इन्हीं में से किन्हीं 5 कंपनियों को 25 जनवरी कोटीमें मिलेंगी। डॉक्यूमेंट खरीदने वाली 30 कंपनियों में कई नई कंपनियां भी शामिल हैं। इनमें चेन्नई का श्रीराम ग्रुप, नीलगिरी ग्रुप और AW काटकुरी ग्रुप समेत APL अपोलो और नमकीन बनाने वाली कंपनी हल्दीराम शामिल है।
चेट्टीनाद सीमेंट और जेके सीमेंट ने भी डॉक्यूमेंट खरीदे। इंडिया सीमेंट्स कंपनी पहले से IPL में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम खरीदे हुए हैं। ऐसे में इस फ्रेंचाइजी लीग में एक और सीमेंट कंपनी की एंट्री हो सकती है। ILT20 लीग में शारजाह वॉरियर्स टीम की मालिक काप्री ग्लोबल और अडाणी ग्रुप ने भी टेंडर डॉक्यूमेंट्स खरीद रखे हैं।पुरुष IPL में शामिल सभी 10 टीमों के मालिकाना हक वाली कंपनियों ने महिला IPL के टेंडर डॉक्यूमेंट भी खरीदे हैं। महिला IPL टीमों का ऑक्शन 25 जनवरी को मुंबई में होगा। दिल्ली कैपिटल्स टीम की कंपनियां GMR ग्रुप और JSW ग्रुप ने 2 अलग-अलग महिला IPL टीम खरीदने में इंटरेस्ट दिखाया है। दोनों ने साथ मिलकर टीम खरीदने के लिए भी अलग से डॉक्यूमेंट खरीदे हैं।
BCCI के टेंडर डॉक्यूमेंट की कीमत करीब 5 लाख रुपए थी। जिन भी 30 कंपनियों ने डॉक्यूमेंट खरीदे। जरूरी नहीं कि उन सभी कंपनियों ने महिला IPL टीम खरीदने के लिए बोली लगाई हो। साथ ही टेंडर डॉक्यूमेंट में लिखा था कि महिला IPL टीम खरीदने के लिए कंपनी की नेटवर्थ 1000 करोड़ रुपए होनी चाहिए। ऐसे में कई कंपनियों ने अपने नाम वापस ले लिए होंगे। टेंडर डॉक्यूमेंट 21 जनवरी को बिकना बंद हो जाएंगे।
BCCI ने महिला IPL को लेकर बताया कि पहले साल में मीडिया राइट्स की बिक्री से उन्हें करीब 125 करोड़ रुपए मिलेंगे। वहीं, 2024 में उन्हें करीब 162 करोड़ रुपए मिलेंगे। 950 करोड़ रुपए (7.09 करोड़ प्रति मैच) में मीडिया राइट्स खरीदने वाली कंपनी वायकॉम 18 पर पहले साल में कम नुकसान होने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला IPL जीतने वाली टीम को BCCI के रेवेन्यू शेयर से 28.08 करोड़ रुपए मिलेंगे। दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम को 27.20 करोड़, तीसरे नंबर की टीम को 26.33 करोड़, चौथे नंबर पर रहने वाली टीम को 25.45 करोड़ और आखिरी नंबर पर रहने वाली टीम के मालिकाना हक वाली कंपनी को 24.57 करोड़ रुपए मिलेंगे। 2027 तक हर साल ये रेवेन्यू शेयर भी बढ़ता जाएगा।
महिला IPL का पहला सीजन 4 मार्च से शुरू हो सकता है। 5 टीमों के IPL में 22 मैच होंगे। 25 जनवरी को सभी टीमों के नाम सामने आने के बाद फरवरी में खिलाड़ियों का ऑक्शन होगा। खिलाड़ी 26 जनवरी तक महिला IPL के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। ऑक्शन में एक टीम के पास 12 करोड़ रुपए का पर्स रहेगा।