पकिस्तान में पूर्व अफसर का आरोप- जनरल बाजवा और ISI चीफ शामिल

पाकिस्तान की सियासत में एक बार फिर ऑडियो-वीडियो लीक्स शुरू हो गए हैं। इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी (पिंकी पीरनी) के ऑडियो लीक्स के बाद अब एक नया मामला सामने आया है।
पाकिस्तानी फौज के पूर्व अफसर मेजर आदिल रजा ने आरोप लगाया है कि मुल्क की फौज और खुफिया एजेंसी ISI नेताओं के अश्लील वीडियो बनवाती है और इसके लिए देश की टॉप एक्ट्रेसेस की मदद ली जाती है। रजा के मुताबिक पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद समेत देश के कई हिस्सों में फौज और ISI के सेफ हाउस हैं और ये वीडियो वहीं तैयार किए जाते हैं। इनकी मदद से नेताओं को ब्लैकमेल किया जाता है।
मेजर आदिल रजा (रिटायर्ड) ने दो दिन अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो मैसेज जारी किया। इसमें कहा- पाकिस्तानी फौज अपने ही नेताओं के खिलाफ हनीट्रैप करती रही है। जनरल कवर जावेद बाजवा और लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद इस काम में शामिल रहे हैं। फौज और ISI के कई जगहों पर सेफ हाउस हैं। इन सेफ हाउस में मुल्क की टॉप एक्ट्रेसेस आती रहती हैं। फौजी अफसर इनका इस्तेमाल करते हैं। यहां नेताओं को बुलाया जाता है और फिर इन एक्ट्रेसेस के साथ उनके वीडियो बना लिए जाते हैं।
जनरल कमर जावेद बाजवा चंद दिन पहले तक पाकिस्तान के आर्मी चीफ थे। लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद ने पिछले महीने जनरल बाजवा के साथ ही रिटायरमेंट लिया था। वो कुछ महीने पहले तक ISI के चीफ थे। इन दोनों फौजी अफसरों पर आरोप है कि इमरान को सत्ता तक पहुंचाने की स्क्रिप्ट इन्होंने ही लिखी। बाद में इमरान और बाजवा के रिश्ते तब बेहद तल्ख हो गए जब फौज ने उन्हें कुर्सी से उतरवा दिया।
रजा का आरोप है कि नेताओं और एक्ट्रेसेस के वीडियो बनाए जाने के बाद नेताओं को ब्लैकमेल किया जाता है। रजा ने कुछ दिन पहले भी इसी तरह के आरोप लगाए थे
रजा ने 4 एक्ट्रेसेस पर फौज की साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने चारों एक्ट्रेसेस के नाम के इनीशियल्स बताए हैं। ये हैं- MH, MK, KK और SA। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि ये नाम महविश हयात, माहिरा खान, कुब्रा खान और सजल अली हैं।
आदिल पाकिस्तान में काफी पॉपुलर फेस हैं। उनके इस आरोप पर चार में से दो एक्ट्रेसेस ने सफाई दी। कुब्रा खान और सजल अली ने कहा है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और वो आदिल के खिलाफ लीगल एक्शन लेंगी।
सजल अली ने सीधे तौर पर मेजर आदिल या फौज का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा- हमारा मुल्क किस तरफ जा रहा है। ये बहुत अफसोसनाक है कि मुल्क में मोरैलिटी नाम की चीज नहीं रह गई है। लोगों की इज्जत से खेला जा रहा है। इसके बाद एक चैनल से बातचीत में सजल ने कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी, लेकिन यहां भी उन्होंने रजा का नाम नहीं लिया।
कुब्रा खान ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा- मैं आरोप लगाने वाले को 3 दिन का वक्त देती हूं। वो माफी मांगें और आरोप वापस लें। ऐसा नहीं हुआ तो मैं उनके खिलाफ चरित्र हनन का मुकदमा दायर करूंगी। दो और एक्ट्रेसेस माहिरा खान और महविश ने अब तक इस मामले में अपना पक्ष साफ नहीं किया है।मेजर आदिल रजा सोल्जर स्पीक्स नाम से एक यूट्यूब चैनल भी चलाते हैं। इसके करीब 3 लाख सब्सक्राइबर्स हैं। इसके अलावा वो दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पाकिस्तानी फौज से जुड़े मामलों पर बातचीत करते रहते हैं।
आदिल रजा को इमरान का बेहद करीबी माना जाता है। इमरान के कहने पर ही रजा ने पाकिस्तान की नागरिकता छोड़ी और ब्रिटेन शिफ्ट हो गए। यहां से वो इमरान के पक्ष और विरोधियों के खिलाफ प्रोपेगैंडा वीडियोज जारी करते रहे हैं।
पिछले दिनों रजा ने एक वीडियो में कहा था- पाकिस्तान सरकार, खुफिया एजेंसीज और फौज के लोग ब्रिटेन में मुझे कत्ल करने की साजिश रच रहे हैं। मेरे दोस्तों ने सलाह दी है कि मुझे ब्रिटेन छोड़कर कनाडा चले जाना चाहिए।
पाकिस्तान में जल्द ही डर्टी पॉलिटिक्स का एक और दौर शुरू होने वाला है। कई मीडिया रिपोर्ट्स और जर्नलिस्ट दावा कर रहे हैं कि इमरान के ऑडियो लीक्स के बाद वीडियो भी सामने आने वाले हैं।
हाल ही में इमरान की तीन और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के दो ऑडियो लीक्स सामने आए हैं। इमरान की दो महिलाओं से बातचीत लीक हुई है। यह इतनी घिनौनी है कि उसे लिखना या सुनाना भी नामुमकिन है। पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने दावा किया है कि लीक हुए ऑडियो टेप्स इमरान के ही हैं। आने वाले दिनों में कुछ वीडियो टेप्स भी लीक हो सकते हैं। दूसरी ओर, खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) अब तक ऑडियो टेप्स को फर्जी बताती रही है। पीटीआई के सोशल मीडिया चीफ अर्शलान खालिद ने कहा था- सरकार इमरान की इमेज खराब करने के लिए घटिया हथकंडे अपना रही है।
2018 में पाकिस्तान में चुनावी जीत के साथ PM बनने वाले इमरान अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव की वजह से सत्ता से बाहर हो गए थे। इसके बाद से उनकी परेशानियां बढ़ती ही जा रही हैं। हाल ही में एक रैली में उन पर जानलेवा हमला हुआ था। फिर वे सरकारी खजाने के तोहफे बेचने के मामले में फंसे। इसके बाद नाजायज संबंधों से बेटी का मामला हाईकोर्ट पहुंचा और फिर आपत्तिजनक ऑडियो टेप वायरल हुए।