गौतमबुद्ध नगर: नोएडा से गुजरेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारी शुरू

गौतमबुद्ध नगर: नोएडा से गुजरेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारी शुरू-
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उत्तर दक्षिण से होते हुए नोएडा जनवरी में पहुंचेगी। यह यात्रा जनवरी 2023 के पहले सप्ताह को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। लोगों को जागरूक करने के लिए पूर्वांचल के बाद उप्र कांग्रेस कमेटी ने रविवार देर शाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यात्रा का शेड्यूल जारी कर दिया। यह 21 जिलों में रात्रि प्रवास करते हुए 22 दिसंबर को रामपुर में पहुंचकर संपन्न होगी। पश्चिम में इसका नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी करेंगे। इस यात्रा में राहुल गांधी शिरकत नहीं करेंगे।

नोएडा महानगर अध्यक्ष राम कुमार तंवर के मुताबिक नोएडा के कार्यकर्ताओं ने भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। शहर से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को राहुल गांधी की यात्रा में शामिल करने व करवाने के लिए कांग्रेस पदाधिकारी बैठक कर रहे हैं। जल्द ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में कांग्रेस पदयात्रा करके लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए जागरूक किया जाएगा। यह अभियान 9 दिसंबर से शुरू होगा।

कांग्रेस की नेत्री पंखुड़ी पाठक ने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा के बाद 24 दिसंबर को बदरपुर बॉर्डर होते हुए भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में प्रवेश करेगी। दिल्ली के बाद भारत जोड़ो यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। हालांकि अभी यात्रा का रूट निर्धारित नहीं किया गया है। भारत जोड़ो यात्रा के नोएडा और गाजियाबाद में प्रवेश के बाद राहुल गांधी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं, इसके साथ ही रैली का भी आयोजन किया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के कई दिग्गज नेता नजर आएंगे।
इसका प्रचार-प्रसार करने के लिए सभी प्रांतीय अध्यक्ष अपने-अपने प्रभारी जिलों में ऐसी यात्रा निकालेंगे। इसमें राहुल गांधी शामिल नहीं होंगे। यात्रा का उद्देश्य कांग्रेस की नीति को लोगों तक पहुंचाना है। देश की अर्थव्यवस्था के आंकड़ों को सामने रखकर बताया जाएगा कि अब भी नहीं समझे संभले तो भविष्य में बेरोजगारी की समस्या और भी विकराल रूप ना धारण कर ले।