संजना को आई दिल बेचारा की सेकेंड एनिवर्सरी पर सुशांत की याद, देखिये क्या लिखा

सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ को रिलीज हुए 2 साल पूरे हो चुके हैं। फिल्म की सेकेंड एनिवर्सरी पर एक्ट्रेस संजना सांघी ने इमोशल पोस्ट करके सुशांत सिंह राजपूत को याद किया। संजना सांघी और सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्म Dil Bechara में लीड रोल प्ले किया था। फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने एक जिंदादिल शख्स का किरदार निभाया था जो एक गंभीर बीमारी से जूझ रहा है।फिल्म की सेकेंड एनिवर्सरी पर संजना सांघी ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ तय किए उस खूबसूरत सफर को याद किया जो बहुत जल्दी खत्म हो गया। संजना सांघी ने इंस्टाग्राम पर एक क्लिप शेयर की है जिसमें फिल्म से उनकी और सुशांत सिंह राजपूत की झलकियां शामिल हैं। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए संजना सांघी ने सुशांत को याद किया और लिखा- मिस यू मैनी। सुशांत ने इस फिल्म में मैनी का रोल प्ले किया था।
संजना सांघी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘किजी और मैनी की मैजिकल दुनिया को 2 साल पूरे हो गए हैं, ये सफर अनंतकाल तक चलता रहेगा। आप सभी के प्यार का बहुत-बहुत शुक्रिया, यह वाकई बहुत मुश्किल सफर रहा है। किजी बासु ने खुलकर जीने का तरीका हमेशा के लिए सिखा दिया। मिस यू मैनी। दिल बेचारा।’
बता दें कि लॉकडाउन के दौरान 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत के निधन की खबर आई थी। उनका शव उन्हीं के घर में पाया गया था। पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत को आत्महत्या बताया था लेकिन उनकी मौत को लेकर सवालों का एक पूरा सिलसिला उस वक्त शुरू हो गया जब एक्टर के पिता ने कई पन्ने की FIR दर्ज कराई जिसमें रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बेहिसाब आरोप थे।