अमेरिकी हथियारों को बनाया रूस ने निशाना, खार्कीव में दो यूक्रेनी लड़ाकू विमान भी मार गिराए

यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडेसा में अमेरिका और यूरोपीय देशों से आई हथियारों की खेप को रूसी मिसाइलों ने निशाना बनाया है। इसी के साथ ओडेसा के नजदीक स्थित सैन्य हवाई पट्टी को भी नष्ट कर दिया गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि हमले में उच्च क्षमता वाली ओनिक्स मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि शनिवार को खार्कीव के नजदीक रूस के डिफेंस सिस्टम न हमले के उद्देश्य से आए यूक्रेनी वायुसेना के दो सुखोई-24 एम लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। पूर्वी यूक्रेन के डोनेस्क, लुहांस्क प्रांतों और खार्कीव शहर पर कब्जे के लिए रूसी हमले जारी हैं। इस बीच पोलैंड में नाटो के हजारों सैनिकों ने युद्धाभ्यास शुरू कर दिया है। अभ्यास कर रहे सैनिक पूर्वी यूरोप के कई देशों से यहां पर आए हैं। यूक्रेन युद्ध के चलते यह अभ्यास महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रूसी सैनिकों के घेरे वाले मारीपोल की अजोवस्टाल स्टील फैक्ट्री से रविवार को दो बारे में कुल 100 नागरिक निकले और वे नजदीकी शहर जपोरीजिया पहुंच गए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसके लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस का आभार जताया है।

गुटेरस की पहल पर बनी सहमति के आधार पर इन लोगों को फैक्ट्री से सुरक्षित निकाला गया है। निकाले गए लोगों में ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। ये लोग फैक्ट्री परिसर में पिछले दो महीने से थे। फैक्ट्री के विशाल परिसर में करीब दो हजार सैनिकों और विदेशी लड़ाकों के होने का अनुमान है। इनमें से करीब 600 घायल हैं। रूसी सेना आत्मसमर्पण की शर्त पर इन्हें बाहर आने की अनुमति देने को तैयार है।
मास्को, आइएएनएस। रूस के राष्ट्रपति कैंसर से पीडि़त हैं और जल्द ही उनका आपरेशन होना है। इसके चलते उन्होंने यूक्रेन युद्ध की समीक्षा और दिशानिर्देश की जिम्मेदारी अपने पुराने सहयोगी और खुफिया संगठन एफएसबी के पूर्व प्रमुख निकोलाई पत्रुशेव को सौंप दी है। यह दावा रूसी राष्ट्रपति के क्रेमलिन कार्यालय के खास व्यक्ति ने दी है। ब्रिटिश अखबार डेली मेल ने अपुष्ट सूत्रों के हवाले से यह खबर प्रकाशित की है। खबर के अनुसार पुतिन दो-तीन दिन में फिर से काम संभालने लायक हो जाएंगे।