डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को PWD तो बृजेश पाठक को नगर विकास मिलने की संभावना

मंत्रिमंडल की तरह ही विभागों के बंटवारे में भी चौंकाने वाले फैसले देखने को मिल सकते हैं। सिद्धार्थनाथ सिंह, दिनेश शर्मा, श्रीकांत शर्मा जैसे 22 दिग्गजों को इस बार बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिस तरह से नए चेहरों पर भरोसा जताया गया है उससे लगता है कि इस बार विभागों के बंटवारे में भी बड़ा बदलाव नजर आएगा।

चर्चा है कि इस बार केशव प्रसाद मौर्य के विभाग में बदलाव नही होगा। जबकि दूसरे डिप्टी CM बृजेश पाठक के विभाग में बदलाव संभव है। पिछली सरकार में कानून मंत्री रहे बृजेश पाठक को पद के हिसाब से बड़ा मंत्रालय मिलने की उम्मीद है। डिप्टी CM केशव मौर्य को PWD तो बृजेश पाठक को नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से कैबिनेट मंत्री बने स्वतंत्र देव को जलशक्ति विभाग दिया जा सकता है। रिटायर्ड IAS एके शर्मा को स्वास्थ्य विभाग, उत्तराखंड की राज्यपाल से कैबिनेट मंत्री बनी बेबी रानी मौर्य को शिक्षा मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश खन्ना को वित्त और संसदीय कार्य मंत्री की जिम्मेदारी दी जा सकती है। सूर्य प्रताप शाही को कृषि या फिर गन्ना विकास की जिम्मेदारी मिल सकती है। पिछली सरकार में सिंचाई मंत्री रहे धर्मपाल सिंह ग्राम्य विकास मंत्री हो सकते हैं।