अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा’ ने वीकडेज पर ‘83’ को पछाड़ा, जानें दोनों फिल्मों का कलेक्शन

बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त जिस फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा है वह है अल्लू अर्जुन स्टारर ‘पुष्पा: द राइज’। फिल्म ना केवल दक्षिण भारतीय भाषाओं में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है बल्कि हिन्दी वर्जन ने भी कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए। हिन्दी भाषी क्षेत्रों के दर्शक फिल्म को इस तरह हाथों हाथ लेंगे खुद अल्लू अर्जुन को भी इसकी उम्मीद नहीं थी। हाल ही में उन्होंने इसे खुद माना कि वह फिल्म को लेकर आश्वस्त थे लेकिन इतना प्यार मिलेगा यह नहीं जानते थे। वहीं ‘पुष्पा’ के एक हफ्ते बाद रिलीज हुई मल्टीस्टारर फिल्म ’83’ को उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं मिले। दूसरे हफ्ते के वीकडेज में फिल्म का कलेक्शन बिल्कुल गिर गया।
‘पुष्पा’ के हिन्दी वर्जन के कलेक्शन ने ’83’ को काफी पीछे छोड़ दिया है। वीकेंड पर पुष्पा का बिजनेस कमाल का था और दोनों ही दिन 6 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन रहा था जबकि ’83’ ने भी खुद को ठीक-ठाक संभाल रखा था। हालांकि अब सोमवार के कलेक्शन के आंकड़े ’83’ के लिए अच्छे नहीं हैं। बॉक्स ऑफिस इंडिया वेबसाइट के मुताबिक, सोमवार को ‘पुष्पा’ ने 2.50 से 2.75 करोड़ और ’83’ ने 1.75 करोड़ की कमाई की। इस तरह दोनों फिल्मों में लगभग 1 करोड़ का अंतर है। ‘पुष्पा’ और ’83’ के कलेक्शन का ये शुरुआती आंकड़ा है। शाम के शोज की गिनती के बाद इसमें मामूली फेरबदल हो सकता है।

’83’ ने रविवार तक 91.27 करोड़ कमा लिए थे। इस तरह सोमवार के कलेक्शन को जोड़ दें तो इसकी कुल कमाई करीब 93 करोड़ हो गया है। दूसरी ओर ‘पुष्पा’ ने रविवार तक 62.94 करोड़ जुटा लिए थे। सोमवार के बाद इसका कुल कलेक्शन 65 करोड़ से ज्यादा है।

‘पुष्पा’ ने गुजरात और महाराष्ट्र में भी अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है। फिल्म वर्ल्डवाइड पहले ही 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। वहीं हिन्दी वर्जन में यह 75 करोड़ की ओर तेजी से बढ़ रही है।