बोले अमित शाह: 2024 में फिर चुने जाएंगे नरेंद्र मोदी

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साल 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर चुने जाएंगे। दुनिया का कोई भी अन्य नेता लगातार 20 साल के लिए नहीं चुना गया है। शाह ने कहा, ‘कल (गुरुवार) नरेंद्र भाई ने सार्वजनिक कार्यालय में 20 साल पूरे किए। पूरी दुनिया में एक भी नेता को यह उपलब्धि नहीं मिली है कि वह लगातार 20 साल तक चुना जाए और बिना रुके जनता की सेवा करता रहे।’

गृह मंत्री ने कहा, ‘लोकतांत्रिक देशों में, जहां पर लोग अपने चयनित प्रतिनिधियों को बदल सकते हैं, आपको एक भी ऐसा नेता नहीं मिलेगा जिसने इतने लंबे समय तक सेवा की हो। नरेंद्र मोदी ने सात अक्तूबर 2001 को (गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर) कार्यालय संभाला था और कल सात अक्तूबर 2021 थी। वह आज हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं और साल 2024 में एक बार फिर से चुने जाएंगे।’

इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर जिले में कई योजनाओं का उद्घाटन भी किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर महिला स्वयं सहायता समूहों को आवंटित किए गए चाय के स्टॉलों का उद्घाटन किया। इस दौरान यहां उन्होंने कुल्हड़ में चाय भी पी। इसके साथ ही अमित शाह ने जिले के पंसार गांव में एक झील के जीर्णोद्धार कार्यक्रम का शिलान्यास भी किया।