आज होगा कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार, शामिल होंगे दिग्गज नेता

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार आज (सोमवार) बुलंदशहर जिले के नरौरा राज घाट पर होगा. उनके अंतिम संस्कार में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हाेंगे. कल्याण सिंह के बेटे और भारतीय जनता पार्टी से सांसद राजवीर सिंह ने यह जानकारी दी है.

राजवीर सिंह ने आजतक से बातचीत में कहा है कि कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा में यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी और बीजेपी की दिग्गज नेता उमा भारती भी शामिल होंगी. कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा सुबह 9 बजे अलीगढ़ अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से निकलेगी. पूर्व सीएम कल्याण सिंह 2004 में बुलंदशहर सीट से सांसद रहे थे. 1996 में जनपद की डिबाई सीट से विधायक भी चुने गए. नरौरा जहां अंतिम संस्कार होना है वह डिबाई विधासभा क्षेत्र में आता है. 1996 में कल्याण सिंह यहीं से विधानसभा चुनाव जीते थे. उनकी अंतिम यात्रा में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना हैं.

कल्याण सिंह की शवयात्रा उनके पैतृक गांव अतरौली होते हुए बुलंदशहर नरौरा के राज घाट तक 3 बजे तक पहुंचेगी. वहीं राज घाट पर उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो गई हैं. पूर्व सीएम कल्याण सिंह साल 2004 में बुलंदशहर सीट से सांसद रहे थे. वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे.