लखीमपुर खीरी : सीएम ने निगम के लोगों पोर्टल व वेबसाइट का किया शभारंभ,विधायक डीएम सीडीओ ने कर्मियों को दी जानकारी

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों की सेवाओं के प्रबंधन में अब कागजी कवायद और बिखरी व्यवस्थाओं की जगह डिजिटल व्यवस्था लेगी। सेवा प्रबंधन में पारदर्शिता, प्रक्रियाओं में एकरूपता और प्रभावी निगरानी के लिए प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीसीओएस) की शुरुआत की है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और पालिका अध्यक्ष डॉ ईरा श्रीवास्तव की मौजूदगी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा यूपीसीओएस के लोगो का अनावरण, वेबसाइट और पोर्टल के शुभारंभ का सीधा प्रसारण अटल सभागार में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मियों ने देखा। नए डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से आउटसोर्स मानव संसाधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को एक ही सिस्टम से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

एक प्लेटफार्म पर आएंगी व्यवस्थाएं
यूपीसीओएस के जरिए आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ा जाएगा। इससे सेवाओं से संबंधित प्रक्रियाओं में एकरूपता आएगी और निगरानी का दायरा भी मजबूत होगा। कार्यक्रम में आउटसोर्स कर्मियों के हितों, उनकी सेवाओं तथा उन्हें उपलब्ध कराई जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी गई।

विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में उनके सेवा प्रबंधन को व्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में यूपीसीओएस महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल व्यवस्था से कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों से जुड़ी प्रक्रियाएं भी अधिक सुव्यवस्थित होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण सौगातें देकर उनके भविष्य को सुरक्षित और सेवा व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने का काम किया है।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। इससे व्यवस्थाओं की निगरानी बेहतर होगी और प्रक्रियाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से आउटसोर्स सेवाओं के प्रबंधन में एकरूपता आएगी। साथ ही प्रक्रियाओं की बेहतर निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन भी संभव होगा। कार्यक्रम में सहायक श्रमायुक्त मयंक सिंह, ईओ नपाप लखीमपुर संजय कुमार, ईओ खीरी टाउन विनीत कुमार विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मी मौजूद रहे।
=======
श्रमिक परिवारों को मिला योजनाओं का लाभ, पांच लाभार्थियों को 2.61 लाख रुपये की सहायता

विधायक, डीएम और सीडीओ ने वितरित किए स्वीकृति प्रमाणपत्र व सावधि जमा प्रमाणपत्र

निकाय सफाई कार्मिकों को बांटी गईं पीपीई किट
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही जनपद में श्रम विभाग के अंतर्गत बीओसी बोर्ड द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी श्रमिक परिवारों को भी हितलाभ वितरित किया गया। विधायक योगेश वर्मा, डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ ईरा श्रीवास्तव ने पांच लाभार्थियों को कुल 2.61 लाख रुपये की सहायता के प्रमाणपत्र प्रदान किए।

कन्या विवाह सहायता योजना के तहत दो लाभार्थी श्रमिकों को 65-65 हजार रुपये की स्वीकृति प्रमाणपत्र दिए गए। वहीं मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत तीन लाभार्थियों को 56-56 हजार रुपये की सहायता का लाभ मिला। इसमें प्रत्येक लाभार्थी को 31 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से तथा 25 हजार रुपये के सावधि जमा प्रमाणपत्र के रूप में प्रदान किए गए। वही नगरीय निकाय के सफाई कार्मिकों को पीपीई किट प्रदान की गई।

Leave a Comment