फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जून 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को गढ़िया ढिलवाल रोड स्थित श्री प्रभु जी पैलेस में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक भव्य प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कन्नौज के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक तथा मुख्य वक्ता के रूप में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य उपस्थित रहे।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में वकील, व्यापारी, किसान, महिलाएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजन शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में सुशासन, विकास और जनकल्याण की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया गया है। आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, सौभाग्य योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर लगातार विश्वास जता रही है और आगामी चुनावों में भी यह विश्वास कायम रहेगा।
मुख्य वक्ता एवं अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 की समाप्ति तथा नागरिकता कानून जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का कार्य किया है।
सदस्य विधान परिषद डॉ. मानवेंद्र सिंह ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कुछ राजनीतिक दल जातीय और सामाजिक विभाजन पैदा करने का प्रयास कर सकते हैं, लेकिन जनता को ऐसे षड्यंत्रों से सावधान रहना होगा और विकास एवं सुशासन के मुद्दों को प्राथमिकता देनी होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज देश विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और इसके पीछे भाजपा सरकार की दूरदर्शी नीतियां एवं विकासोन्मुखी योजनाएं हैं।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस अवसर पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, वीरेंद्र सिंह राठौर, विमल कटिहार, दिनेश कटिहार, अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, संजीव गुप्ता, कृष्ण मुरारी राजपूत, प्रतिभा राजपूत, वीरेंद्र कठेरिया, मनोज गंगवार, अनुराग सिंह, अभिषेक बाथम, ऋषिपाल सिसोदिया, कुंवर जीत सिंह राजपूत, पुष्पराज सिंह, अनिल कुमार राजपूत, डॉ. अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी विकास लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उपस्थित लोगों ने सरकार की नीतियों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
