फर्रुखाबाद:एनसीसी शिविर में योग और साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण, कैडेट्स को किया गया जागरूक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जून 2026 एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-36 के दूसरे दिन मंगलवार को कैडेट्स को योगाभ्यास के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई। शिविर में अनुशासन, स्वास्थ्य और डिजिटल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।

प्रातःकाल 5:30 बजे शिवाय योग पीठ से आए योगाचार्य अमित सक्सेना ने सभी एनसीसी कैडेट्स को योगाभ्यास कराया। इस दौरान प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। योग सत्र के बाद पीआई स्टाफ द्वारा कैडेट्स को शस्त्र प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

शिविर में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए कैम्प कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ के निर्देश पर साइबर क्राइम शाखा से मुख्य आरक्षी रविंद्र प्रताप सिंह को विशेष व्याख्यान हेतु आमंत्रित किया गया। उन्होंने कैडेट्स को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य आरक्षी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए, अज्ञात एपीके फाइलें डाउनलोड करने से बचना चाहिए तथा एनीडेस्क जैसे रिमोट एक्सेस ऐप्स को अनजान व्यक्तियों के कहने पर डाउनलोड नहीं करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया और ईमेल खातों के पासवर्ड नियमित रूप से बदलने, टू-स्टेप वेरिफिकेशन (MFA) सक्रिय रखने तथा व्हाट्सएप की प्राइवेसी सेटिंग्स का उपयोग करने की सलाह दी।

उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार के “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर आने वाली कॉल्स से सावधान रहें, क्योंकि कोई भी पुलिस या सरकारी अधिकारी ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं करता है। सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त वाई-फाई का उपयोग करते समय नेट बैंकिंग और संवेदनशील लेन-देन से बचने की भी सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है।

कैडेट्स को यह भी बताया गया कि साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में कैम्प कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने साइबर सुरक्षा विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए मुख्य आरक्षी रविंद्र प्रताप सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शाम 4:30 बजे से वॉलीबॉल, लाइन इंस्पेक्शन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।

इस अवसर पर डिप्टी कैम्प कमांडेंट संदीप माधव, लेफ्टिनेंट अवनीश चौहान, लेफ्टिनेंट चंचल शर्मा, लेफ्टिनेंट राजेश दुबे, चीफ ऑफिसर सतीश चंद्र, सेकंड ऑफिसर संतोष शुक्ला, सूबेदार मेजर नवीन कुमार, सूबेदार गिरिराज किशोर, सूबेदार दिनेश सिंह सहित समस्त पीआई स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Comment