कासगंज, 15 जून 2026
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद के विकास खंड सिद्धपुरा, सहावर एवं गंजडुंडवारा में विकास गोष्ठियों का आयोजन किया गया। साथ ही समस्त विकास खंडों में त्रि-दिवसीय जनकल्याण मेलों एवं शिविरों का सफलतापूर्वक संचालन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई।
आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पंचायती राज, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास, मनरेगा, विद्युत तथा अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
सिद्धपुरा में विधायक एवं जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता
विकास खंड सिद्धपुरा में आयोजित तीन दिवसीय शिविर में क्षेत्रीय विधायक, हरिओम वर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री रवीश गुप्ता सहित विकास खंड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। आमजन ने दिखाई उत्साहपूर्ण सहभागिता।
त्रि-दिवसीय शिविरों एवं गोष्ठियों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने सहभागिता की। उपस्थित नागरिकों ने विभिन्न विभागों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा कई लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से संबंधित सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कासगंज: जनपद के सिद्धपुरा गंजडुंडवारा विकासखंडों में विकास गोष्ठियां
