आज मशहूर एक्ट्रेस बबीता का हैप्पी बर्थडे है , फिल्मों से ज्यादा शादीशुदा जिंदगी को लेकर चर्चा में रहीं बबीता,

हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री बबीता शिवदासानी का जन्म 20 अप्रैल 1947 को पाकिस्तान के कराची में हुआ था। वह बॉलीवुड की दो दिग्गज और खूबसूरत अभिनेत्री करिश्मा और करीना कपूर की मां हैं। बबीता शिवदासानी हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री साधना शिवदासानी की कजिन बहन भी हैं। जन्मदिन के मौके पर हम आपको उनसे जुड़ी खास बातों से रूबरू करवाते हैं।

बबीता शिवदासानी ने अपने करियर में कुल 19 फिल्मों में काम किया था, लेकिन वह अपनी अलग अदाकारी के लिए जानी जाती थीं। बबीता शिवदासनी ने अपने करियर की शुरुआत साल 1966 में फिल्म ‘दस लाख’ से की थी। अपनी पहली फिल्म से उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद बबीता शिवदासानी ने ‘राज’, ‘फर्ज’, ‘हसीना मान जाएगी’, ‘डोली’,’जीत’ और ‘एक हसीना दो दीवाने’ सहित कई फिल्मों में काम किया था।
बबीता शिवदासानी फिल्मों के अलावा अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी सुर्खियों में रही हैं। वह बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणधीर कपूर की पत्नी हैं। शादी से पहले बबीता शिवदासानी और रणधीर कपूर की प्रेम कहानी काफी चर्चा में रही थी। रणधीर कपूर और बबीता ने हिंदी सिनेमा में कई यादगार फिल्मों में काम किया और उसके बाद शादी कर ली। हालांकि, दोनों का वैवाहिक जीवन काफी उतार-चढ़ावों से भरा रहा था। एक वक्त ऐसा भी आया कि रणधीर और बबीता अलग-अलग रहने लगे थे। हालांकि, दोनों ने कभी तलाक नहीं लिया। अपनी रिलेशनशिप को लेकर रणधीर कपूर ने कुछ साल पहले खुलकर बात की थी।

रणधीर कपूर बताया था कि उन्होंने और बबीता ने तलाक क्यों नहीं लिया? रणधीर कपूर ने कहा था- ‘तलाक किसलिए? हम तलाक क्यों लें? मेरा दोबारा शादी करने का कोई इरादा नहीं है और न ही उनका। अलग होने की वजह पर अभिनेता ने कहा था- मैं एक खराब आदमी था, जो खूब पीता था और घर देर से आता था, जो उन्हें पसंद नहीं था। मैं उनकी तरह नहीं रह सकता था और मैं जैसा था, वैसा उन्हें स्वीकार नहीं था। हालांकि, यह एक प्रेम विवाह था। इसलिए ठीक है। हमारे दो प्यारे बच्चे थे, जिनकी हमें देखभाल करनी थी। उन्होंने (बबीता) उनकी बेहतरीन परवरिश की और उन्होंने अपने करियर में अच्छा काम किया। एक पिता होने के नाते मुझे और क्या चाहिए।’
आपको बता दें कि रणधीर कपूर और बबीता ने 6 नवम्बर 1971 को शादी की थी। इससे पहले दोनों रणधीर कपूर की डेब्यू फिल्म कल आज और कल में साथ काम कर चुके थे। कल आज और कल में मुख्य किरदार निभाने के अलावा रणधीर कपूर ने इसका निर्देशन भी किया था। फिल्म का निर्माण राज कपूर ने किया था। कल आज और कल 17 दिसम्बर 1971 को रिलीज हुई थी।