कोविड-19 का खतरा लगातार जारी, खुशी कपूर का टेस्ट पॉजिटिव, जाह्नवी और बोनी कपूर भी घर पर हुए क्वारंटीन

अर्जुन कपूर और उनकी बहन अंशुला कपूर हाल ही में कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे। जिसके बाद उन्होंने बताया था कि वे घर पर क्वारंटीन में हैं। दोनों ने कोरोना को मात दे दी है लेकिन इस बीच अब बोनी कपूर और श्रीदेवी की छोटी बेटी खुशी कपूर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। खुशी को कोरोना होने के साथ ही बोनी और जाह्नवी कपूर घर पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि जाह्नवी और बोनी का टेस्ट निगेटिव है या नहीं। फिलहाल परिवार की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। खुशी कपूर ने अपने सोशल मीडिया पर इस बारे में कोई पोस्ट शेयर नहीं किया है। ई-टाइम्स के मुताबिक उनका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। बीते दिन ही जाह्नवी कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की थी जिसमें उन्होंने थर्मामीटर लगाया था और शरीर का तापमान चेक करती नजर आईं। एक अन्य तस्वीर में वह बहन खुशी कपूर के साथ बेड पर थीं। इसके साथ जाह्नवी ने लिखा- ‘साल का वह समय फिर से।‘
जाह्नवी के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनके पास ‘गुड लक जेरी’ और ‘दोस्ताना 2’ है। इसके अलावा वह बोनी कपूर के प्रोडक्शन की फिल्म ‘मिली’ में नजर आएंगी। दूसरी ओर खुशी कपूर भी डेब्यू के लिए तैयार हैं। वह जोया अख्तर की फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखेंगी।