इंसानों का खून पीने आया थामा, स्त्री से बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित होगी फिल्म ?

बॉलीवुड फैंस को दीवाली पर ‘थामा’ का तोहफा मिलने वाला है। मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित और आदित्य सरपोतदार द्वारा निर्देशित इस रोमांटिक हॉरर-कॉमेडी में आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में हैं।

आज मूवी का ट्रेलर रिलीज होने वाला है। थामा मैडॉक फिल्म्स की हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का अगला चैप्टर है। इसमें स्त्री, मुंज्या, भेड़िया और स्त्री 2 शामिल हैं। थामा रोमांस, कॉमेडी और हॉरर का अनूठा मिश्रण है। थामा इस साल की सबसे बड़ी और सबसे रोमांचक फिल्मों में से एक है। थामा का ट्रेलर आज बांद्रा फोर्ट में स्त्री यानी श्रद्धा कपूर ने रिलीज कर दिया है। इस अवसर पर फैंस को सरप्राइज देते हुए दिनेश विजन और श्रद्धा ने हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का लोगो (LOGO) भी जारी किया।

ट्रेलर शेयर करते हुए निर्माताओं ने लिखा, “हमारी लोककथाओं की एक भूली-बिसरी कहानी, #थामा इस दिवाली पर मुख्य आकर्षण बन रही है। मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स प्रस्तुत करता है एक खूनी प्रेम कहानी, जिसका निर्माण दिनेश विजान और अमर कौशिक ने किया है और निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया है। 21 अक्टूबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में।

क्या है ट्रेलर में नया ?

थामा में आयुष्मान खुराना एक आम इंसान हैं,जिनकी मुलाक़ात कुछ अप्रत्याशित घटनाओं के चलते नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी से होती है, जो एक बेताल है और मानवता के खिलाफ जाने की अपनी योजना के चलते 1000 साल की सजा काट चुका है। आयुष्मान ख़ुद भी एक बेताल बन जाते हैं और अब उन्हें रश्मिका मंदाना की मदद से इस नई जीवनशैली में ढलना होगा। हालांकि, यह बदलाव ज़्यादा मुश्किल नहीं है, क्योंकि आयुष्मान को इसके साथ ही नई शक्तियां भी मिलती हैं जिससे वो खुश होते हैं।

पिता के किरदार में नजर आएंगे परेश रावल

थामा में आयुष्मान खुराना को आलोक के किरदार में देखा जा सकेगा। नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी यक्षसन – अंधेरे के बादशाह की भूमिका निभाएंगे। पोस्टर में, वह लंबे बालों में नजर आ रहे थे। टीजर में भी उनका यही अवतार देखने को मिला। उनकी कॉमिक टाइमिंग किलर है। वहीं श्री राम बजाज गोयल के रूप में परेश रावल नजर आएंगे।