Thursday, 24 September 2026 | 8:38 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी, ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

बेसिक शिक्षा विभाग फर्रुखाबाद द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 21 से 23 सितंबर 2026 तक जिले के सभी विकास क्षेत्रों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। ग्राम पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। ब्लॉक स्तर पर चयनित विजेताओं को 26 सितंबर तथा जिला स्तर पर 1 अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा।
Share:
फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी, ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 23 सितंबर 2026 बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद के सभी विकास क्षेत्रों में विभिन्न स्तरों पर चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जा रहा है।

इसी क्रम में 21 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक विद्यालय स्तर पर ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों और चित्रों के माध्यम से जीवंत रूप प्रदान किया।

विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में चयनित विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उत्कृष्ट छात्र सम्मान समारोह आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया गया।

प्रतियोगिता की अगली कड़ी में प्रत्येक विद्यालय से चयनित एक विजेता छात्र-छात्रा को 26 सितंबर 2026 को संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक विकासखंड से उत्कृष्ट चित्रकला प्रतियोगिता में चयनित पांच विजेता छात्र-छात्राओं को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 को महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया जाएगा। इस अवसर पर विकास क्षेत्र स्तर पर चयनित विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा का उत्साहवर्धन किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम और अपने सपनों के भारत के निर्माण की सकारात्मक कल्पना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता अभियान की गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति को दर्शाती है।