अपनी बोल्डनेस अंदाज की वजह से फिल्मो में खूब चर्चा में रही हैं पूजा बेदी, जानिए पूजा बेदी के जन्मदिन पर ख़ास

बॉलीवुड की खूबसूरत और मशहूर अभिनेत्री पूजा बेदी अपना जन्मदिन 11 मई को मनाती हैं। वह अपनी फिल्मों के अलावा बोल्डनेस की वजह से भी सुर्खियों में रह चुकी हैं। इसके अलावा पूजा बेदी कई मुद्दों पर बेबाकी से बयानबाजी करने के लिए भी जानी जाती हैं। पूजा बेदी 90 के दशक की चर्चित अभिनेत्रियों में से एक रही हैं। जन्मदिन के मौके पर हम आपको उनसे जुड़ी खास बातों से रूबरू करवाते हैं।
पुजा बेदी का जन्म 11 मई साल 1970 को बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता कबीर बेदी के घर में हुआ था। उनकी मां मशहूर मॉडल प्रोतिमा बेदी हैं। कबीर बेदी और प्रोतिमा बेदी की शादी लंबी नहीं चल सकी और दोनों का तलाक हो गया था। पूजा बेदी ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 1991 में फिल्म ‘विषकन्या’ से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘जो जीता वही सिकंदर’ से मिली थी।
इस फिल्म में पूजा बेदी ने बोल्ड लड़की का किरदार निभाया था जो काफी चर्चा में रहा था। इसके बाद उन्होंने लुटेरे, फिर तेरी कहानी याद आए, आतंक ही आतंक, और शक्ति सहित कई फिल्मों में काम किया, लेकिन पूजा बेदी को बॉलीवुड में वह मुकाम नहीं मिला जिसकी उन्हें उम्मीद थी। फिल्मों के अलावा पूजा बेदी अपने विज्ञापनों और टीवी शोज की वजह से भी काफी चर्चा में रह चुकी हैं।
90 के दशक में पूजा बेदी ने ‘कामसूत्र’ कॉन्डोम का एक ऐड किया था। यह ऐड इतना बोल्ड था कि दूरदर्शन ने उसे चलाने से ही मना कर दिया था। इस ऐड में पूजा बेदी के साथ मॉडल मार्क रॉबिनसन भी दिखाई दिए थे। इस ऐड की वजह से अभिनेत्री को काफी विरोध का भी सामना करना पड़ा था। यहां तक की दूरदर्शन ने उन्हें बैन तक कर दिया था। पूजा बेदी छोटे पर्दे के कई रियलिटी शो का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
वह डांस रियलिटी शो ‘झलक दिख लाजा’, ‘बिग बॉस सीजन 5, ‘नच बलिए 3’ और ‘खतरों के खिलाड़ी’ में भी नजर आ चुकी हैं। पूजा बेदी अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं। उन्होंने 1990 में फरहान फर्नीचरवाला से शादी की थी, जिससे उनके दो बच्चे अलाया और उमर हैं। यह शादी लगभग 10 साल चली थी। 2003 में दोनों का तलाक हो गया था। इन दिनों पूजा बेदी का नाम मानेक कॉन्ट्रेक्टर से जुड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इन दोनों ने सगाई कर ली है।