Tuesday, 17 November 2026 | 5:38 AM
राजनीति

छठ पूजा पर कल्याण बनर्जी के बयान से बवाल

Share:
छठ पूजा पर कल्याण बनर्जी के बयान से बवाल
पश्चिम बंगाल में छठ पूजा के आयोजन को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। राज्य के मंत्री इंद्रनील खान ने सोमवार को टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा समेत सभी त्योहारों में लोगों की भागीदारी का अधिकार है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उनके आयोजन में सहयोग करे।


कल्याण बनर्जी ने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि पश्चिम बंगाल पर गैर-बंगालियों का प्रभाव बढ़ रहा है। उनके बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इंद्रनील खान ने कहा कि टीएमसी और वामपंथी सरकारों ने लंबे समय तक बंगाल के लोगों के हित में काम नहीं किया।  

इंद्रनील खान ने कहा, "क्या जेल वैन में मां काली को ले जाना बंगाली संस्कृति है? क्या मुहर्रम के कारण दुर्गा विसर्जन रोकना बंगाली संस्कृति है? क्या दारिबिट में बंगाली भाषा के शिक्षक की नियुक्ति की मांग कर रहे छात्रों पर गोलियां चलाना बंगालियों के हित में था?" उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी और वामपंथी दलों ने केवल विभाजनकारी राजनीति की।