Saturday, 26 September 2026 | 11:16 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : कच्ची दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हुई दर्दनाक मौत

ग्राम रहमतपुर में कच्ची दीवार गिरने से उसके नीचे सो रहे मोहन पुत्र साधू कश्यप, पत्नी कविता कश्यप तथा पुत्र नानू कश्यप की दबने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पूरा परिवार आवास के अभाव के कारण काल के गाल में समा गया।
Share:
लखीमपुर खीरी :  कच्ची दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हुई दर्दनाक मौत
लखीमपुर खीरी : कच्ची दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हुई दर्दनाक मौत
Read in your preferred language.
थाना नीमगांव, तहसील मितौली क्षेत्र के ग्राम रहमतपुर में कच्ची दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई है।  ग्राम रहमतपुर में कच्ची दीवार गिरने से उसके नीचे सो रहे मोहन पुत्र साधू कश्यप, पत्नी कविता कश्यप तथा पुत्र नानू कश्यप की दबने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पूरा परिवार आवास के अभाव के कारण काल के गाल में समा गया। यदि गरीब परिवार को समय रहते  शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य आवास योजना के अंतर्गत पक्का आवास उपलब्ध कराया गया होता तो शायद यह दर्दनाक घटना नहीं होती।


इस घटना को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन  के जिला अध्यक्ष अंजनी कुमार दीक्षित ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जाए और यदि जांच में लापरवाही साबित होती है तो उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।


उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बे-मौसम बारिश और तूफानी हवाओं के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। केले की फसल बर्बाद होने से केला किसान आर्थिक संकट में आ गया है। वहीं अत्यधिक बारिश के कारण धान की तैयार फसल भी नष्ट हो गई है।

तेज हवाओं के कारण गन्ने की फसल को भी भारी क्षति पहुंची है। बड़ी मात्रा में गन्ना जमीन पर गिर गया है तथा कई स्थानों पर जड़ें उखड़ जाने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की स्थिति पहले से ही बेहद कठिन है। बजाज समूह द्वारा गन्ने का भुगतान नहीं किए जाने के कारण किसानों के पास फसल की देखभाल एवं गन्ने की बंधाई आदि के लिए भी पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं है। उन्होंने मांग की कि किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को ब्याज सहित शीघ्र कराया जाए।

उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि बर्बाद हुई केले, धान एवं गन्ने की फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा किसानों को दिया जाए। बजाज समूह से किसानों के बकाया गन्ना भुगतान का ब्याज सहित भुगतान शीघ्र कराया जाए। आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से दबे किसानों को कर्ज से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। दीवार गिरने से मृतक किसान परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा एवं पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए।
घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।