Thursday, 22 October 2026 | 1:35 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : छोटी काशी गोला में रावण वध के साथ गूंजे जय श्री राम के जयकारे

मेला मैदान पर हुई विजयदशमी की लीलाओ के साथ, मेघनाथ,कुंभकर्ण और रावण वध का मंचन कर इनके विशाल पुतलों का दहन किया गया।
Share:
लखीमपुर खीरी : छोटी काशी गोला में रावण वध के साथ गूंजे जय श्री राम के जयकारे
रावण पुतला दहन की तस्वीर
गोला गोकर्णनाथ:  गोला नगर के रामलीला ग्राउंड मेला मैदान में बुधवार को रामलीला कमेटी द्वारा अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व विजय दशमी (दशहरा) का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 

रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित भव्य रामलीला एवं रावण दहन कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में गोला विधायक माननीय अमन गिरी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल मौजूद रहे।

मेला मैदान पर हुई विजयदशमी की लीलाओ के साथ, मेघनाथ,कुंभकर्ण और रावण वध का मंचन कर इनके विशाल पुतलों का दहन किया गया, जिसे देख दर्शक भाव विभोर होकर राम की जय जय कार कर उठे। इस दौरान रंगबिरंगी आतिशबाजी के नजारे, पटाखों की गगनभेदी गूंज ने अन्याय पर न्याय की विजय का आभास करा दिया।

इस दौरान गोला विधायक ने रामलीला मंचन का आनंद लिया तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म की विजय का संदेश जनमानस तक पहुँचाने वाले कलाकारों से आत्मीय भेंट कर उनके अभिनय एवं समर्पण की सराहना की।

इस अवसर पर गोला विधायक ने कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य की असत्य पर और धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर हमें अपने जीवन में सत्य, मर्यादा और सदाचार का पालन करना चाहिए तथा भीतर की बुराइयों का त्याग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रावण का अंत हमें यह संदेश देता है कि बुराई चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, सत्य के सामने उसका टिकना असंभव है। 

उन्होंने रामलीला समिति और आयोजकों को सफल आयोजन की बधाई दी और कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक आस्था और आपसी एकता का संदेश फैलता है।