Sunday, 20 September 2026 | 8:58 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:शमशाबाद कान्हा गौशाला में विधायक डॉ. सुरभि ने किया निरीक्षण, बोर्ड बैठक न होने पर सभासदों ने उठाए सवाल

फर्रुखाबाद सेवा संकल्प अभियान के तहत शमशाबाद की कान्हा गौशाला में विधायक डॉ. सुरभि ने वृक्षारोपण कर गौवंश को फल-गुड़ खिलाया। निरीक्षण के बाद नगरवासियों और सभासदों की समस्याएं सुनीं। सभासदों ने नगर पंचायत बोर्ड बैठक नियमित न होने, सफाई, जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर सवाल उठाए।
Share:
फर्रुखाबाद:शमशाबाद कान्हा गौशाला में विधायक डॉ. सुरभि ने किया निरीक्षण, बोर्ड बैठक न होने पर सभासदों ने उठाए सवाल
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 19 सितंबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत शमशाबाद की कान्हा गौशाला में क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि और शासन द्वारा नामित सभासद जितेंद्र कुमार शाक्य पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत गौशाला परिसर में वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद गौवंश का तिलक कर उन्हें फल और गुड़ खिलाया गया तथा अंगवस्त्र पहनाए गए।

इसके बाद विधायक डॉ. सुरभि और नामित सभासद ने कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, गोदाम और स्टॉक रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और वहां रखी सामग्री की गुणवत्ता भी देखी गई। विधायक ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार यादव को गौशाला में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौशाला निरीक्षण के बाद विधायक नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं और नगरवासियों की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान मोहल्ला इमादपुर थमरई के सभासद उमेश कुमार, मोहल्ला जटपुरा के सभासद विक्रम सिंह तथा शासन द्वारा नामित सभासद राम लड़ैते दिवाकर समेत अन्य सभासदों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी बातें रखीं।

सभासदों ने विधायक को बताया कि उनके अनुसार नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारुकी की शपथ के बाद अब तक केवल एक बोर्ड बैठक हुई है। सभासदों का आरोप था कि इसके बाद बोर्ड की बैठक नहीं बुलाई गई, जिसके कारण नगर के विकास कार्यों और समस्याओं पर सामूहिक रूप से चर्चा नहीं हो पा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई कार्य मनमाने तरीके से कराए जा रहे हैं।

सभासदों ने नगर की समस्याओं का उल्लेख करते हुए बताया कि कई स्थानों पर गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और जगह-जगह गंदा पानी भरा होने से नगरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सफाई व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की।

सभासदों ने विधायक से नगर पंचायत की बोर्ड बैठक जल्द बुलाए जाने की मांग की, ताकि नगर की समस्याओं, विकास कार्यों और आवश्यक प्रस्तावों पर बोर्ड के समक्ष चर्चा कर लंबित कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

विधायक डॉ. सुरभि ने सभासदों और नगरवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष आदेश शाक्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम लखन राजपूत, प्रधान अनुज राजपूत, सोरन राजपूत, पर्वत सिंह राजपूत, साधु राजपूत, सभासद विक्रम सिंह, नामित सभासद राम लड़ैते, दिवाकर, मिथुन कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

गौवंश संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के संदेश के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम नगर पंचायत की व्यवस्थाओं, सफाई और बोर्ड बैठक को लेकर सभासदों द्वारा उठाए गए सवालों के कारण भी चर्चा में रहा।