Thursday, 24 September 2026 | 11:17 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने के निर्देश

फर्रुखाबाद भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने सेवा संकल्प अभियान के आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने 25 सितंबर को बूथ स्तर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती, 27 सितंबर को मन की बात एवं स्वास्थ्य शिविर तथा 30 सितंबर को ज्योति कलश यात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने के निर्देश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 24 सितंबर 2026 आवास विकास कॉलोनी स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला संगठन प्रभारी एवं कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान एक माह तक चलेगा। अभियान के तहत संगठन एवं शासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिन्हें प्रभावी ढंग से सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन यात्रा पर आधारित नाट्य एवं संवाद कार्यक्रम जनपद की चारों विधानसभाओं में चयनित स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। 27 सितंबर को प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समिति के सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से सुना जाएगा। इसकी तैयारियों के लिए 25 सितंबर को सभी मंडल अध्यक्ष अपने-अपने मंडलों में तैयारी बैठक करेंगे।

उन्होंने बताया कि गुजरात के बड़नगर से प्रारंभ हुई ज्योति कलश यात्रा 30 सितंबर को फर्रुखाबाद पहुंचेगी। अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गनीपुर जोगपुर, ब्लॉक नवाबगंज में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा पांचाल घाट स्थित भगुआ नगला ग्राम पहुंचेगी, जहां रात्रि चौपाल का आयोजन होगा।

25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर प्रत्येक बूथ पर गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संपर्क एवं संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

जिला संगठन प्रभारी ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने जिला कार्यालय को व्यवस्थित रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि 27 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में अभियान के कार्यक्रमों को मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर पार्टी के जिला पदाधिकारी, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारी तथा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।