संतकबीरनगर:(द दस्तक 24 न्यूज) 21 सितंबर 2026 जनपद के बभनी पार्क में स्थापित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर पान की पीक थूककर अपमानजनक कृत्य किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर कुशवाहा, मौर्य, शाक्य और सैनी समाज के प्रबुद्ध लोगों में नाराजगी जताई गई है।
इस संबंध में कुशवाहा मौर्य शाक्य सैनी कल्याण एसोसिएशन की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गई है। एसोसिएशन ने पत्र में कहा कि भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा के साथ इस प्रकार का कृत्य सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि घटना के वायरल होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन की ओर से अपेक्षित संज्ञान लेकर कार्रवाई नहीं की गई। पत्र में संतकबीरनगर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि बस्ती मंडल के कमिश्नर एवं आईजी तथा संतकबीरनगर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को निर्देशित कर घटना की जांच कराई जाए और दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही एसोसिएशन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बभनी पार्क स्थित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की भी मांग की है।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने की अपेक्षा की है।