प्रयागराज,नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में ब्याज माफी योजना एवं जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न,
प्रयागराज 31 अक्टूबर।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट ल विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को एन०आई०सी० कक्ष में वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला व्यापार बन्धु समिति एवं ब्याज माफी योजना के प्रचार-प्रसार से सम्बन्धित बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) अच्छेलाल विश्वकर्मा एवं उपायुक्त राज्य कर खण्ड-10 अनिल कुमार मिश्रा के साथ-साथ जनपद के विभिन्न व्यापार मण्डलों के प्रतिनिधि, व्यापारी, अधिवक्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा पूर्व की बैठकों में व्यापारियों द्वारा उठाये गये समस्याओं एवं शिकायतों के निस्तारण के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों से बिन्दुवार आख्या प्राप्त की। जिन मामलों में व्यापारी बन्धु कृत कार्यवाही से पूर्णतया संतुष्ट थे उन्हें निक्षेपित किया गया। शेष मामलों में पुनः गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। विद्युत विभाग को व्यापारियों एवं व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के साथ शीघ्र ही बैठक कराये जाने के निर्देश दिये गये। बैठक में नगर निगम, पुलिस विभाग, आबकारी विभाग, लोक निर्माण विभाग से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया। सोरांव से संबंधित मामलों में व्यापारीगण से वार्ता कर मामलों का शीघ्रता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने हेतु उपजिलाधिकारी, सोरांव को पत्र प्रेषित किये जाने के निर्देश दिये गये।