लखीमपुर खीरी: बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन खीरी स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ ख्याति गर्ग द्वारा कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संदेश से उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराया।
उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए सभी पुलिसकर्मियों से प्रेरणा लेकर जनसेवा, कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने तथा प्रत्येक चुनौती का दृढ़तापूर्वक सामना करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ ख्याति गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्री सुधीर कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री अमित कुमार राय, समस्त क्षेत्राधिकारी जनपद खीरी , मुख्य अग्निशमन अधिकारी, समस्त शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र एवं समाज की शांति, सुरक्षा और सद्भाव बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।