कासगंज :-द दस्तक 24 राजेंद्र सिंह हज-2027 के चयनित यात्रियों का मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र अनिवार्य।
कासगंज, 22 सितम्बर 2026। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी डॉ. अमृता सिंह ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा सर्कुलर-13, दिनांक 15 सितम्बर 2026 के माध्यम से हज-2027 के चयनित हज यात्रियों के मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित हज यात्रियों को प्रथम चरण में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सरकारी चिकित्सा केंद्रों में पंजीकृत एलोपैथिक चिकित्सक से मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र प्राप्त करना होगा। इसके लिए चिकित्सक द्वारा प्रमाण-पत्र जारी किए जाने के बाद मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद एवं अन्य आवश्यक प्रपत्र हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट hajcommittee.gov.in पर 30 सितम्बर 2026 तक अपलोड करने होंगे
इसके अतिरिक्त, चयनित हज यात्री उक्त दस्तावेजों को उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय में 01 अक्टूबर 2026 तक जमा कर सकते हैं। एनआरआई (प्रवासी भारतीय), जो अन्य देशों में रह रहे हैं, उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे जिस देश में रह रहे हैं, वहीं के सरकारी चिकित्सालय में मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर रिपोर्ट प्रेषित/अपलोड करें।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के समस्त जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को हज यात्रियों के मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी किए जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने हज यात्रियों को सलाह दी कि प्रथम चरण का मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद प्रमाण-पत्र एवं जांच रिपोर्ट अपने पास सुरक्षित रखें, ताकि द्वितीय चरण की जांच के समय आवश्यकतानुसार इसे प्रस्तुत किया जा सके।
-------------------