Tuesday, 22 September 2026 | 9:40 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:हिंदी पखवाड़े में 17 साहित्यकार सम्मानित, 44 इंटर कॉलेजों को वितरित की गईं पुस्तकें

फर्रुखाबाद में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत सांसद विकास निधि योजना से आयोजित समारोह में जनपद के 17 साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। 44 इंटर कॉलेजों को हिंदी भाषा एवं साहित्य से संबंधित पुस्तकें वितरित की गईं।
Share:
फर्रुखाबाद:हिंदी पखवाड़े में 17 साहित्यकार सम्मानित, 44 इंटर कॉलेजों को वितरित की गईं पुस्तकें
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 21 सितंबर 2026 हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत सांसद विकास निधि योजना के तहत राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं विकास के उद्देश्य से पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ के सभागार में साहित्यकार सम्मान समारोह एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जनपद के 17 साहित्यकारों को प्रशस्ति-पत्र, सम्मान-पत्र, पुस्तकें एवं शॉल प्रदान कर हिंदी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं चयनित 44 इंटर कॉलेजों को पुस्तकें वितरित की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सहित भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा और प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी उपस्थित रहे।

विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम संयोजक दीपिका राजपूत ने अतिथियों का पुस्तकें एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय की छात्राओं दुर्गा, राधा, सोनम, वैष्णवी, भूमि, उजाला, सोना शाक्य, शालू और अदीबा ने सामूहिक स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद पद्मश्री महादेवी वर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिवओम अंबर ने कहा कि देश के सामने समस्याएं आएंगी, लेकिन सभी को सकारात्मकता के साथ उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने सांसद मुकेश राजपूत की सकारात्मक सोच को जनहित में किए जा रहे कार्यों का प्रतीक बताया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि पुस्तक को किस प्रकार पढ़ना है और उससे क्या सीखना है, यह पाठक पर निर्भर करता है। साहित्यकारों ने पुस्तकों में अपनी सोच और अनुभव दर्ज किए हैं, जिनसे समाज को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यालयों तक पुस्तकें पहुंचाने के प्रयास के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने घोषणा की कि अगले वित्तीय वर्ष में इससे भी बेहतर स्तर पर साहित्यकार सम्मान एवं पुस्तक वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो शैक्षणिक संस्थाएं इस पुस्तक वितरण अभियान में छूट गई हैं, उन्हें अगले वित्तीय वर्ष में पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।

समारोह में शिव ओम अंबर, सुरेंद्र सिंह सोमवंशी, पवन बाथम, बृजकिशोर सिंह, रामावतार शर्मा इंदु, महेश पाल सिंह उपकारी, नलिन श्रीवास्तव, डॉ. गरिमा पांडेय, प्रीति पवन तिवारी, भूपेंद्र प्रताप सिंह, भारती मिश्रा, सुरेंद्र पांडेय, उपकार मणि, वैभव सोमवंशी, उत्कर्ष अग्निहोत्री, स्मृति अग्निहोत्री एवं विशाल श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा जिला ग्राम्य विकास अभिकरण फर्रुखाबाद के सेवानिवृत्त लेखाकार वीरेन्द्र कुमार सिंह, कंप्यूटर प्रोग्रामर देवेश सक्सेना, डाटा एंट्री ऑपरेटर पूजा भदौरिया, राजकीय जिला पुस्तकालयाध्यक्ष रविन्द्र प्रताप सक्सेना, उप प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज आदेश गंगवार एवं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर नवनीत भारद्वाज को उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत सहित विद्यालय की 16 शिक्षिकाओं को शिक्षा एवं सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सांसद द्वारा शिक्षक सम्मान-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं जन-जन में हिंदी भाषा, साहित्य तथा पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना और हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का संचालन युवा कवि एवं शिक्षक वैभव सोमवंशी ने किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, साहित्यकारों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।