Monday, 14 September 2026 | 10:49 PM
India

फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय राजमार्ग शीघ्र दुरुस्त करने, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 दिसंबर 2025 जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में माननीय सांसद लोकसभा श्री मुकेश राजपूत जी की अध्यक्षता में सांसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा अव
Share:
फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय राजमार्ग शीघ्र दुरुस्त करने, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 दिसंबर 2025 जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में माननीय सांसद लोकसभा श्री मुकेश राजपूत जी की अध्यक्षता में सांसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा अवगत कराया गया कि यातायात पुलिस से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नवंबर 2025 में जनपद में 44 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 27 लोगों की मृत्यु तथा 34 व्यक्ति घायल हुए। वहीं नवंबर 2025 तक पूरे वर्ष में 439 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 253 लोगों की मौत तथा 346 लोग घायल हुए।

दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें

आंकड़ों के अनुसार कुल दुर्घटनाओं में से 287 दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन शामिल थे, जिनमें 163 लोगों की मृत्यु तथा 201 घायल हुए। इसके अलावा 75 दुर्घटनाओं में दोनों वाहन दोपहिया थे, जिनमें 27 लोगों की मौत और 46 घायल हुए।

हिट एंड रन मामलों में चिंताजनक वृद्धि।

यातायात कार्यालय के अनुसार वर्ष 2025 में नवंबर तक हिट एंड रन की 95 घटनाएं हुईं, जिनमें 79 लोगों की मृत्यु तथा 74 घायल हुए। जबकि वर्ष 2024 में ऐसी 66 घटनाएं हुई थीं, जिनमें 43 मौतें दर्ज की गई थीं।

राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी पर सबसे अधिक ब्लैक स्पॉट

जनपद में कुल 11 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 08 ब्लैक स्पॉट राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी पर स्थित हैं। रोहिला चौराहा, बृहमहत्त स्मारक एवं मसेनी चौराहा पर जंक्शन डेवलपमेंट का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है।

 एनएच-730सी का निर्माण कार्य 23 नवंबर 2024 तक पूर्ण होना था, लेकिन वर्ष 2025 की समाप्ति तक कार्य अधूरा है।

इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत जी ने एनएचएआई अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग को शीघ्रातिशीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही शुकरूल्लापुर रेल ओवरब्रिज पर लगी लाइटों को तत्काल चालू कराने के भी निर्देश दिए गए।

“नो हेल्मेट, नो पेट्रोल” अभियान लागू

बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि जनपद में 19 दिसंबर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक “नो हेल्मेट, नो पेट्रोल” नीति लागू की गई है। इसके तहत बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न देने तथा उनके विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

प्रवर्तन कार्रवाई और लाइसेंस निलंबन

एआरटीओ द्वारा बताया गया कि वर्ष 2025 में—

पुलिस विभाग द्वारा 42,481 चालान कर 187 वाहन सीज किए गए, जिनसे ₹18.92 लाख प्रशमन शुल्क वसूला गया।

परिवहन विभाग द्वारा 4,155 चालान कर 1,018 वाहन बंद किए गए, जिनसे ₹219.33 लाख वसूले गए।

सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशों के तहत 265 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए।

सड़क सुरक्षा माह का आयोजन जनवरी 2026 में

शासन के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों की बैठकें आयोजित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। प्रत्येक ग्राम में ग्राम सड़क सुरक्षा समिति के अंतर्गत एक सड़क सुरक्षा अग्रदूत नामित किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि गंगवार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, सीडीओ विनोद कुमार गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।