Thursday, 17 September 2026 | 9:04 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:डीएम डॉ.अंकुर लाठर ने लोहिया अस्पताल का किया गहन निरीक्षण, मरीजों से लेकर ब्लड बैंक तक परखी व्यवस्थाएं

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय के साथ डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से उपचार, दवा व जांच की जानकारी ली तथा ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता, रखरखाव और स्टाफ की उपस्थिति की समीक्षा की। अनुपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:डीएम डॉ.अंकुर लाठर ने लोहिया अस्पताल का किया गहन निरीक्षण, मरीजों से लेकर ब्लड बैंक तक परखी व्यवस्थाएं
डीएम अंकुर लाठर लोहिया अस्पताल निरीक्षण
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 17 सितंबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के साथ डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं से लेकर ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली तक का जायजा लिया और मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से उपचार, दवाओं, जांच तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल स्थित ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति एवं अटेंडेंस की जांच की तथा रक्त की उपलब्धता और रक्त यूनिट के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था को देखा। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के संबंध में संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से एनीमिया से पीड़ित मरीजों के उपचार में रक्त के उपयोग के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को नियमानुसार किस प्रकार रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है और ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त का आवश्यकता के अनुसार समुचित उपयोग किस प्रकार सुनिश्चित किया जा रहा है।

ब्लड बैंक के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में परेशानी न हो।

इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का क्रमवार निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों की स्थिति, बेड की व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सकीय सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के उपचार के संबंध में जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों और मरीजों से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से उपचार, आवश्यक जांच, दवा और जरूरत के अनुसार अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों एवं उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने जिलाधिकारी को अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं, मरीजों के उपचार तथा ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। सीएमएस पुरुष डॉ. जगमोहन शर्मा सहित संबंधित चिकित्सक एवं कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए मरीजों की सुविधा के अनुसार आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।