Wednesday, 23 September 2026 | 9:10 AM
उत्तर प्रदेश

एटा:नवागत जिलाधिकारी एम. अरुन्मौली ने संभाला कार्यभार, जनकल्याण और विकास कार्यों को गति देना प्राथमिकता

एटा की नवागत जिलाधिकारी एम. अरुन्मौली ने जिला कोषागार पहुंचकर निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को प्राथमिकता बताया।
Share:
एटा:नवागत जिलाधिकारी एम. अरुन्मौली ने संभाला कार्यभार, जनकल्याण और विकास कार्यों को गति देना प्राथमिकता
Read in your preferred language.

एटा:(द दस्तक 24 न्यूज) 22 सितंबर 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक रहीं आईएएस अधिकारी एम. अरुन्मौली को एटा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। नवागत जिलाधिकारी ने देर रात जिला कोषागार पहुंचकर निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया।

कार्यभार ग्रहण करने के दौरान ADM वित्त एवं राजस्व चंद्र प्रकाश पाठक, ADM न्यायिक रमेश मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, SDM विपिन कुमार मोरल, वरिष्ठ कोषाधिकारी विकास भाई चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यभार संभालने के बाद नवागत जिलाधिकारी एम. अरुन्मौली ने जिले के विकास और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि जिले की समस्याओं को समझकर उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण में प्रभावी कार्यवाही पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।

आवास विकास योजनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि आवास विकास के लिए उपयुक्त लैंड बैंक उपलब्ध होता है तो जिले में योजना लाने का प्रयास किया जाएगा।

आगामी शिक्षक एमएलसी और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस, शासनादेश (GO) और निर्धारित SOP के अनुसार कार्य किया जाएगा। विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की बात कही।

जिले में संचालित विकास परियोजनाओं को लेकर नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व जिलाधिकारी द्वारा जिस गति से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया है, उसे निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण कराने की बात कही।

नवागत जिलाधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर जिले की जनसमस्याओं, विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नई कार्ययोजना पर काम शुरू होने की उम्मीद है।