फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 19 सितंबर 2026 गौ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत ने विकासखंड मोहम्मदाबाद स्थित सितवनपुर पिथू गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सांसद ने गौ सेवा करते हुए गौवंश को गुड़, चना एवं हरा चारा खिलाया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने गौशाला की व्यवस्थाओं के संबंध में खंड विकास अधिकारी राघवेन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत सचिव अवधेश बाथम एवं ग्राम प्रधान शेर बहादुर सिंह से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि गौशाला में करीब 380 गौवंश संरक्षित हैं तथा उनकी देखभाल के लिए 12 गौपालक कार्यरत हैं।
सांसद मुकेश राजपूत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में किसी भी स्थिति में कीचड़ की समस्या उत्पन्न न होने पाए। साथ ही गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को गौवंश का नियमित टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा गौपालकों को प्रत्येक माह मानदेय का समय से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।
सांसद ने गौशाला की व्यवस्थाओं में साफ-सफाई, चारा और पशुओं की देखभाल को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।