मोदी सरकार की मंशा नहीं होने देंगे पूरी : प्रियंका

रेल कोच कारखाने के निगमीकरण के खिलाफ दो महीने से चल रहे आंदोलन में मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कूद गईं। कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रियंका गांधी घंटे भर धरने पर बैठी रहीं।

उन्होंने केंद्र सरकार पर रायबरेली के साथ लगातार पक्षपात किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कारखाने को निगम बनाने की मोदी सरकार की मंशा को पूरा नहीं होने दिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि यह कोच फैक्ट्री सोनिया जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसीलिए सबसे पहले इस कारखाने को ही निगम बनाने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में रेल मंत्री ने झूठ बोला कि कोच कारखाने के लिए जिन किसानों की जमीन अधिग्रहीत की गई, उन्हें नौकरी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने हर किसान के परिवार को नौकरी दी।

धरना सभा में प्रियंका गांधी ने कहा कि निगमीकरण का यह मुद्दा सोनिया जी ने लोकसभा में उठाया। रेल मंत्री को चिट्ठी भी लिखी। यह संघर्ष सिर्फ कर्मचारियों का नहीं बल्कि रायबरेली के लोगों का है। इंदिरा जी की कर्मभूमि का संघर्ष है। मेरा संघर्ष है। आप जब-जब बुलाएंगे मैं यहां आऊंगी। आपकी आवाज के साथ मेरी आवाज मिली रहेगी। आप मजबूती के साथ संघर्ष करिए। आपके इस संघर्ष में तमिनाडु, बंगाल, पंजाब, कर्नाटक के कर्मचारी भी साथ देने को तैयार हैं।

अब हमारी खबरें यूट्यूब चैनल पर भी देखें नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें
https://www.youtube.com/channel/UC4xxebvaN1ctk4KYJQVUL8g

अब हमारी ख़बरें एप्लीकेशन पर भी उपलब्ध हैं हमारा एप्लीकेशन गूगल प्ले स्टोर से अभी डाउनलोड करें और खबरें पढ़ें

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.dastak24.newsapp&hl=en