कन्नौज में सैनिक सम्मेलन व अपराध गोष्ठी आयोजित, एसपी ने दिए कड़े निर्देश।

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 सितम्बर 2025 जनपद कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन्स सभागार में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा जिले के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधों पर नियंत्रण रखना था। इसमें गंभीर अपराधों की विवेचना, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, महिला एवं बाल अपराधों पर विशेष चर्चा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को विवेचना तेजी से कर समयबद्ध निपटाने के निर्देश दिए।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर एसपी ने शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने सभी थानों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, अधिक पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने और महिला-बाल सुरक्षा मामलों में संवेदनशीलता से कार्य करने पर बल दिया।

सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों, संसाधनों की कमी और व्यक्तिगत समस्याओं को एसपी के समक्ष रखा। पुलिस अधीक्षक ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसपी विनोद कुमार ने कहा कि सैनिक सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस बल के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और उनके कल्याण के लिए ठोस कदम उठाना है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की और आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।