फर्रुखाबाद में ‘स्वच्छ भारत एवं स्वस्थ भारत’ थीम पर मैराथन का आयोजन, युवाओं में दिखा उत्साह

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 दिसंबर 2025 ठंडी सड़क स्थित किसना डायमंड एण्ड गोल्ड ज्वैलरी द्वारा शहर में ‘स्वच्छ भारत एवं स्वस्थ भारत’ की थीम पर मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस मैराथन में फर्रुखाबाद जनपद के साथ-साथ अन्य जनपदों के युवक-युवतियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत रहे। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों के साथ जीत का जश्न मनाते हुए युवाओं को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। रविवार प्रातः 7 बजे किसना ज्वैलरी के अधिकृत शोरूम ‘गुप्ता साइन पैलेस’ से मैराथन का शुभारंभ रोटरी क्लब अध्यक्ष डॉ. बी.के. गुप्ता, शोरूम मालिक धीरज गुप्ता एवं मैनेजर अरुण कुमार सिंह ने झंडी दिखाकर किया।

शोरूम मालिक लकी गुप्ता व मोहित गुप्ता ने बताया कि किसना डायमंड एवं गोल्ड ज्वैलरी के डायरेक्टर घनश्याम ढोलकिया के निर्देशानुसार 28 दिसंबर को देश के 100 शहरों में एक साथ प्रातः 7 बजे मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य देशभर में स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देना है।

मैराथन दौड़ शोरूम से आवास विकास होते हुए पुनः शोरूम तक कुल 5 किलोमीटर की रही, जिसमें फर्रुखाबाद एवं आसपास क्षेत्र के लगभग 121 युवक-युवतियों ने भाग लिया। युवक वर्ग में शहजहांपुर के अनुराग सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुरजीत प्रजापति द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं युवती वर्ग में प्रथम स्थान राजुल यादव ने हासिल किया और द्वितीय स्थान शिल्पी भारद्वाज को मिला।

मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने दोनों वर्गों के विजेताओं को मेडल के साथ डायमंड ज्वैलरी के आभूषण देकर सम्मानित किया। साथ ही अन्य रनर्स को गोल्ड ज्वैलरी के आभूषण व मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जो प्रतिभागी जीत नहीं पाए, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। निरंतर प्रयास और जज्बा बनाए रखने से एक दिन सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने युवाओं से खेलों के प्रति सक्रिय रहने का आह्वान किया, जिससे शरीर स्वस्थ और मन तरोताजा बना रहता है।

कार्यक्रम में किसना हेड ऑफिस मुंबई से भावेश, कृपाशंकर दीक्षित, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, राजकुमार वर्मा, सीए शुभम गुप्ता, एथलीट लवी राठौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं आयोजन की व्यवस्थाओं को अजय, टीटू, चांदनी, काजल आदि ने सफलतापूर्वक संभाला।