गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) छोटी काशी गोला पवित्र श्रावण माह में आने वाले लाखों श्रद्धालुओ की सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं सहित सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार को नीलकंठ मैदान में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग सहित गोला विधायक माननीय अमन गिरी की मौजूदगी में श्रावण मेला से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में छोटी काशी सावन मेला में आने वाले सभी श्रद्धालुओ एवं स्थानीय लोगों को भोलेनाथ के सुगम दर्शन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में गोला विधायक अमन गिरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी काशी गोला आने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल,पार्किंग, चिकित्सा, एम्बुलेंस, श्रद्धालुओं के विश्राम,और यातायात प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया। उन्होंने कॉरिडोर निर्माण के कारण इस बार अधिक भीड़ आने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को विशेष यातायात योजना बनाने को कहा। गोला विधायक ने कहा कि छोटी काशी गोला आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हमारा अतिथि है उसकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से अपील की सभी अधिकारी समर्पित भाव से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि सभी श्रद्धालु छोटी काशी गोला बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं सुगम दर्शन शांतिपूर्ण सुरक्षित एवं सुखद वातावरण में कर सके।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष जनार्दन गिरी, उपजिलाधिकारी गोला युगांतर त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गोला महक शर्मा, प्रभारी निरीक्षक गोला अम्बर सिंह, प्रशासनिक अधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
