कासगंज, 18 सितंबर द दस्तक 24न्यूज़ राजेंद्र सिंह सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के बीच “मेरे सपनों का विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश” विषय पर चित्रकला एवं ड्राइंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस क्रम में महेंद्र ई. कॉलेज, गढ़ी पचगांई तथा शेरवानी इंटर कॉलेज, न्योली में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महेंद्र ई. कॉलेज, गढ़ी पचगांई में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने ड्राइंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और विकसित भारत की परिकल्पना को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। वहीं, शेरवानी इंटर कॉलेज, न्योली में “मेरे सपनों का विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश” थीम पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक भारत, स्वच्छ वातावरण, बेहतर शिक्षा, तकनीकी विकास, आत्मनिर्भरता और समृद्ध उत्तर प्रदेश की झलक अपने चित्रों में प्रस्तुत की। विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मकता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
शिक्षकों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ना और उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है।