विश्वकर्मा जयंती पर 16 लाभार्थियों को मिला स्वरोजगार का सहारा, बांटी गईं टूल किट व सिलाई मशीनें
कासगंज, 17 सितंबर। विश्वकर्मा जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को कासगंज में कारीगरों और स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ रहे लाभार्थियों को टूल किट, सिलाई मशीन एवं उद्यम शुरू करने के लिए प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। विकास भवन स्थित विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सिलाई ट्रेड की रीना, नीलम, बानो बेगम, सरस्वती, नारायण देवी, ज्योति चोपड़ा, तनिषा चोपड़ा, विमला, अनीता और धनदेवी को सिलाई मशीन/टूल किट वितरित की गईं।
वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत तिरमल सिंह को मिनी फ्लोर मिल, रवेंद्र कुमार को टू-व्हीलर कस्टमाइजेशन सर्विस, आरती देवी को डेयरी प्रोडक्ट, साहिना को ऑटो रिक्शा ऑपरेटर, अजय कुमार को जन सेवा केंद्र तथा विनीता देवी को ई-रिक्शा ऑपरेटर के लिए प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार बिना भेदभाव के जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री, मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी मौजूद रहे।