जौनपुर : चाकू घोप कर युवक की हत्या, मचा हड़कम्प

शाहगंज (जौनपुर) : शाहगंज थाना क्षेत्र के बड़ौना गांव में मंगलवार की देर शाम आपसी विवाद के बाद साथी ने चाकू घोंपकर मज़दूर की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। परिजन शव लेकर घर चले गए। पुलिस शव पाने के लिए देर रात तक मौके पर डटी रही। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स लगा दी गई है।
बताया जाता है की बड़ौना गांव निवासी सतीश (27) दैनिक मज़दूरी का काम करता है। आरोप है की मंगलवार को वह गांव के ही अपने साथी के साथ मज़दूरी के लिए खेतासराय थाना क्षेत्र के जैगहां गांव गए थे। शाम को मज़दूरी से लौटने के बाद दोनों घर चले गए। कुछ देर बाद सतीश शौच के लिए खेत की ओर गया। वहां प्राथमिक विद्यालय के पास उसकी साथी मज़दूर से मुलाकात हो गई। बातचीत के दौरान ही किसी बात पर दोनों में विवाद हुआ।
इसी बीच, साथी ने चाकू से सतीश पर हमला कर दिया। सीने पर बांए तरफ गहरे ज़ख्म से सतीश मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गया।
घायल सतीश को आनन-फानन में नगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन अस्पताल से शव लेकर घर चले गए। सूचना पाकर पुलिस घर पहुंची।
शव कब्ज़े में लेने का प्रयास किया तो परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। रात आठ बजे तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसके मद्देनज़र सीओ जितेंद्र कुमार दुबे के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी के जवान भी पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी दुर्गेश्वर मिश्र ने बताया कि हत्यारोपी की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।