फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितंबर 2025 शिक्षक दिवस के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने देखा।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा मा० जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि सचिन यादव, जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) का पुष्प भेंट कर स्वागत से हुई। माननीय अतिथियों ने अपने आशीर्वचन में शिक्षकों की समाज निर्माण में भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग के पाँच शिक्षकों/शिक्षिकाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें राष्ट्रपति पुरस्कार-2016 से सम्मानित भारती मिश्रा (उ०प्रा०वि० महमदपुर करसान), राज्य अध्यापक पुरस्कार-2019 से सम्मानित मनोरमा कनौजिया (उ०प्रा०वि० बढ़पुर), श्री नीरज कुमार शुक्ला (स०अ०, उ०प्रा०वि० रेहा करनपुर, बढ़पुर), श्री अभय सिंह गंगवार (प्रभारी प्र०अ०, प्रा०वि० रजपालपुर, नवाबगंज) एवं श्री मधु कुमार शाक्य (स०अ०, प्रा०वि० गुगौरा, बढ़पुर) शामिल रहे। इन सभी को शाल एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) एसएसए फर्रुखाबाद, एसआरजी वंदना रानी, एसआरजी श्रीमती रूचि वर्मा, समस्त एआरपी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने धन्यवाद ज्ञापित कर समारोह का समापन किया। यह आयोजन शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम और समाज में उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
