Thursday, 17 September 2026 | 6:34 PM
उत्तर प्रदेश

टीकाकरण सफल बनाने को माइक्रोप्लान समीक्षा बैठक, समय पर टीके लगवाने की अपील

फर्रुखाबाद के सिविल अस्पताल लिंजीगंज में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की एएनएम के साथ टीकाकरण माइक्रोप्लान की समीक्षा बैठक हुई। डॉ. राणा प्रताप ने समय पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण कराने को जरूरी बताया, जबकि डॉ. नवनीत गुप्ता ने बाढ़ के बीच डायरिया की रोकथाम और ओआरएस-जिंक के उपयोग को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए।
Share:
टीकाकरण सफल बनाने को माइक्रोप्लान समीक्षा बैठक, समय पर टीके लगवाने की अपील
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 17 सितंबर 2026 जिले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सिविल अस्पताल लिंजीगंज में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात एएनएम के साथ माइक्रोप्लान समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राणा प्रताप ने की।

डॉ. राणा प्रताप ने कहा कि कोई भी स्वास्थ्य कार्यक्रम तभी सफल हो सकता है, जब उसकी सही तरीके से माइक्रोप्लानिंग की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक टीके लगने से कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से टीकाकरण से छूटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर समय से टीकाकरण कराने पर जोर दिया।

इस दौरान डॉ. नवनीत गुप्ता ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों को टीकाकरण से दूर नहीं रखना चाहिए, क्योंकि टीकाकरण बच्चों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनसमुदाय में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ जिले में बाढ़ की स्थिति भी बनी हुई है, जिसके कारण मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। डायरिया की स्थिति में आशा कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने तथा उम्र के अनुसार ओआरएस और जिंक की गोली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि यदि डायरिया से पीड़ित बच्चे की आंखें धंसी हुई दिखाई दें, बच्चा अत्यधिक चिड़चिड़ा हो या पेट की त्वचा खींचने पर सिकुड़न बनी रहे, तो ऐसे बच्चे को तत्काल सरकारी अस्पताल भेजा जाए, ताकि समय रहते उसका उपचार किया जा सके और उसके जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

बैठक में डॉ. सचिन कटियार, डॉ. अरिदमन सिंह, पीएसआई से अनुपम मिश्र, गावी से अरफत अंसारी, रुद्र प्रताप सिंह, सुखवीर यादव, फरहत अली जैदी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।