फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति 5.0 एवं राष्ट्रीय पोषण माह 5.0 के तहत नुक्कड़ नाटक व जागरूकता रैली आयोजित

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 सितम्बर 2025 आज कलेक्ट्रेट परिसर में मिशन शक्ति 5.0 और राष्ट्रीय पोषण माह 5.0 के अंतर्गत महिलाओं की जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ।

नुक्कड़ नाटक में कलाकारों ने नारी शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिलाओं की समानता एवं भागीदारी जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी महोदय ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

नाटक के बाद आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं द्वारा मातृ शक्ति प्रदर्शन के तहत विशाल रैली निकाली गई। जिलाधिकारी महोदय ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। लगभग 500 महिलाओं ने इस रैली में भाग लिया, जिसमें बैनर, पोस्टर और हस्तलिखित तख्तियों के माध्यम से पोषण, शिशु देखभाल और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम को रैली के जरिए आमजन तक पहुँचाया गया, जिसमें शामिल हैं—1. मोटापा निवारण हेतु चीनी, नमक एवं तेल का सीमित उपयोग, 2. वोकल फॉर लोकल अभियान द्वारा आत्मनिर्भरता, 3. प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (पोषण भी, पढ़ाई भी), 4. अभिसरण क्रिया और डिजिटलीकरण, 5. शिशु एवं छोटे बच्चों का पोषण (IYCF), 6. पुरुष सहभागिता (Men-streaming)

रैली में महिलाओं ने पोषण एवं नारी शक्ति पर आधारित नारे व गीत गाकर माहौल को ऊर्जावान बना दिया। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस बल, ट्रैफिक पुलिस और एम्बुलेंस तैनात रही।

रैली का भव्य समापन स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम, फतेहगढ़ में हुआ। इस आयोजन ने एक बार फिर समाज को यह संदेश दिया कि सशक्त नारी ही सशक्त समाज की नींव है।