फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2025 जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में किन्नर कल्याण बोर्ड एवं सुरक्षा प्रकोष्ठ/समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रांसजेंडर समुदाय के हितों एवं अधिकारों की सुरक्षा हेतु शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किन्नर कल्याण बोर्ड का शीघ्र पुनर्गठन किया जाए, ताकि योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है, जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी लाभान्वित हो सकें। जिलाधिकारी ने चुनाव कार्यालय को निर्देशित किया कि जनपद में निवासरत ट्रांसजेंडर नागरिकों का डेटा एकत्रित किया जाए, जिससे योजनाओं के लक्षित क्रियान्वयन में सहायता मिल सके। इस बैठक में समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और किन्नर समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर गंभीर चर्चा की गई। प्रशासन द्वारा इस बैठक के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा में शामिल करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास किया गया है। आने वाले समय में इनके लिए विशेष प्रशिक्षण, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा की योजनाएं और प्रभावी रूप से लागू की जाएंगी।
