फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2025 जन अधिकार पार्टी फर्रुखाबाद के पदाधिकारियों द्वारा आज अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में जनचेतना मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा शोषित, वंचित, दलित, पिछड़े, अति पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर पड़ रहे असर तथा शिक्षा क्षेत्र में हो रहे कटौतीपूर्ण निर्णयों के विरोध में जन जागरूकता फैलाना रहा।
मीटिंग में पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीति प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही है। खासतौर पर गांवों के सरकारी स्कूलों को बंद करने की नीतियों को दलित, पिछड़े वर्गों, गरीब किसानों और मजदूर वर्ग को अशिक्षित बनाए रखने की साजिश करार दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज के वंचित वर्ग को शिक्षा से वंचित किया गया तो यह सामाजिक अन्याय होगा। इस अवसर पर जन अधिकार पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष राजवीर सिंह शाक्य, जिला सचिव धर्मेंद्र कुशवाहा, सेक्टर अध्यक्ष बृजेश कुशवाहा, तथा विधानसभा अध्यक्ष बुद्धदेव कुशवाहा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता कैप्टन प्रभात शाक्य, जिला अध्यक्ष, जन अधिकार पार्टी फर्रुखाबाद ने की। उन्होंने कहा कि पार्टी हर उस नीति का विरोध करेगी जो समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को शिक्षा, स्वास्थ्य और न्याय से दूर करने का प्रयास करेगी।
