फर्रुखाबाद:सेवा पखवाड़ा अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला सम्पन्न

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 सितंबर 2025 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अनूप कुमार गुप्ता ने मंगलवार को जिले के दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठक ली और आगामी सेवा पखवाड़ा अभियान (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्य अतिथि ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस को सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों के रूप में मनाना है। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, प्रदर्शनी, नमो मैराथन, वृक्षारोपण, प्रबुद्ध वर्ग संवाद और दिव्यांग जनों को उपकरण वितरण जैसे कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने निर्देश दिया कि रक्तदान शिविर में न्यूनतम 75 यूनिट रक्त एकत्रित किया जाए और इसमें युवाओं व सामाजिक संस्थाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। स्वच्छता अभियान स्कूलों, मंदिरों, बस स्टैंड और पार्कों सहित सार्वजनिक स्थानों पर चलाया जाएगा। वहीं, 17 सितंबर को जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें नागरिकों को प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुनाया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर “मां के नाम वृक्षारोपण” कार्यक्रम होगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर गांधी प्रतिमाओं की सफाई, पुष्पांजलि और खादी वस्त्रों की खरीदारी का कार्यक्रम होगा। बैठक में आगामी स्नातक चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक वोट बढ़ाने का आह्वान किया। जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि राजनीति में सेवा भाव ही सबसे बड़ा धर्म है और सेवा पखवाड़ा को सफल बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि कार्यक्रमों की सफलता के लिए जिला, मंडल और बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री सुनील रावत ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, डॉ. भूदेव सिंह, रूपेश गुप्ता, ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौड़, मोनिका यादव, हिमांशु गुप्ता, डीएस राठौर, अमरदीप दीक्षित, नवनीत पाल, प्रबल त्रिपाठी, धर्मेंद्र राजपूत, अभिषेक बाजपेई सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।