फर्रुखाबाद:बिजली संकट को लेकर भारतीय किसान यूनियन स्वराज ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी।

कायमगंज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जुलाई 2025 भारतीय किसान यूनियन स्वराज ने आज क्षेत्र की बिजली समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी कायमगंज को एक ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो तहसील परिसर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

ज्ञापन में मुख्य रूप से ग्रामीण इलाकों की बदहाल बिजली व्यवस्था पर चिंता जताई गई। यूनियन ने बताया कि गांव गिलोंदा कुरार, गनेशपुर पिपराभोज, मगारनगला और महमूदपुर में बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है, जिससे किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजलीघर का कर्मचारी शराब के बदले में बिजली आपूर्ति करता है और लाइन जोड़ने वाला कर्मचारी नशे की हालत में ड्यूटी करता है। कई बार एसडीओ नवाबगंज धर्मेंद्र सिंह से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।

वहीं कस्बा कायमगंज में भी बिजली की स्थिति बेहद खराब है। यूनियन का कहना है कि जेई जावेद और लाइनमैन नावेद अपनी मनमर्जी से बिजली आपूर्ति कर रहे हैं, जिससे हर दस मिनट पर बिजली आती-जाती है। संगठन ने इन दोनों अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की है ताकि विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुसार नियमित हो सके।

इस दौरान ज्ञापन सौंपने पहुंचे संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों में मुन्नालाल सक्सेना (प्रदेश सचिव), मंजेश यादव (जिला महामंत्री), विनीत कुमार सक्सेना (जिला मीडिया प्रभारी), अजीत सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष), संजू (ब्लॉक महामंत्री), अनुज सक्सेना (मीडिया प्रभारी), विकास, अरिजीत सिंह, रामप्रकाश, विमल, संजीव, रामनरेश समेत कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। भारतीय किसान यूनियन स्वराज ने साफ चेताया है कि अगर प्रशासन और विद्युत विभाग ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में किसानों और ग्रामीणों का आक्रोश उग्र आंदोलन में बदल सकता है।